सीएम योगी ने कहा- ऐतिहासिक होगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही खाद कारखाना मैदान का निरीक्षण किया। अधिवेशन और रैली का मंच देखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली ऐतिहासिक होगी। बड़ी संख्या में किसान भी आएंगे।

भाजपा का राष्ट्रीय किसान अधिवेशन 23-24 फरवरी को खाद कारखाना मैदान पर होगा। उद्घाटन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह करेंगे। समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे। वह विकास परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण के साथ रैली को संबोधित करेंगे। कार्यक्रमस्थल पर मुख्यमंत्री ने रैली में महिला और पुरुषों के बैठने का इंतजाम अलग-अलग करने को कहा। जनकल्याणकारी योजना के लाभार्थियों के बैठने की व्यवस्था भी अलग रहेगी। वाहन मानबेला मैदान में खड़े होंगे। इससे पहले क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के 10 जिलों में बाइक रैली के जरिए प्रधानमंत्री की रैली का संदेश दिया जा रहा है। इस मौके पर उपेंद्रदत्त शुक्ला, जनार्दन तिवारी, राहुल श्रीवास्तव, डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, विश्वजितांशु सिंह आशू, प्रदीप शुक्ला, विभ्राट चन्द कौशिक, बृजेश राम त्रिपाठी और वरिष्ठ नेता रत्नेश पांडेय सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

पदाधिकारियों ने डाला डेरा
किसान अधिवेशन और रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा पदाधिकारियों ने गोरखपुर में डेरा डाल दिया है। गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी और महामंत्री पंकज सिंह ने रविवार को मैराथन बैठक की। उन्होंने ने कहा कि केंद्र और यूपी सरकार ने किसानों के हित में कई काम किए हैं। इन्हें बताकर सहयोग मांगें। इस मौके पर महापौर सीताराम जायसवाल, सहजानंद राय आदि मौजूद रहे। बेनीगंज दफ्तर में पंचायत प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक रमेश सिंह ने किसान सम्मेलन पर बैठक की।

अधिवेशन के मंच पर भी आएंगे मोदी
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजा वर्मा ने रविवार को खाद कारखाना मैदान पर ही अधिवेशन की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अधिवेशन के मंच पर भी आएंगे। वह मोर्चा की कृषि प्रदर्शनी का भी अवलोकन कर सकते हैं। जिलाध्यक्ष सबल सिंह ने कहा कि अकेले गोरखपुर से 30 हजार किसान पीएम की रैली में आएंगे। इस मौके पर डॉ. रामनरेश तिवारी, बृजेश किशोर राय, संजय त्यागी, बरकत अली आदि मौजूद रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com