
चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को पूर्ण बहुमत मिलने के बाद मनोनीत मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को अमृतसर पहुंचकर दरबार साहिब में माथा टेका। इसके बाद अमृतसर में विजय जलूस निकालकर लोगों का आभार जताया।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आज सुबह अमृतसर पहुंचे, जहां पंजाब में आप विधायक दल के नेता भगवंत मान तथा पार्टी के सह प्रदेश प्रभारी राघव चड्ढा समेत कई विधायकों ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद केजरीवाल, भगवंत मान और अन्य नेताओं ने दरबार साहिब जाकर माथा टेका। जहां शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा उन्हें सिरोपा भेंट किया गया। दरबार साहिब के बाद आप नेताओं ने जलियांवाला बाग जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। दुर्गयाणा मंदिर तथा वाल्मीकि मंदिर में माथा टेकने के बाद केजरीवाल पार्टी के विजय जलूस में शामिल हुए। यह विजय जलूस अमृतसर के विभिन्न हिस्सों से होकर निकाला गया, जहां लोगों ने सड़क के दोनों तरफ हाथों में झाडू लेकर केजरीवाल, भगवंत मान और अन्य नेताओं का स्वागत किया।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal