चीन के कस्टम विभाग ने हाल ही में भारत चीन के बीच द्विपक्षीय व्यापार की ताजा स्थिति पर आंकड़े जारी किए हैं। ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक़, पिछले साल दोनों मुल्कों के बीच 8.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ व्यापार 135.98 अरब डॉलर पहुंच गया और इसके साथ ही भारत का व्यापार घाटा भी 100 अरब डॉलर के नए स्तर को पार कर गया। इससे पिछले साल यानी 2021 में दोनों देशों के बीच व्यापार का आंकड़ा 125.62 अरब डॉलर था।
पिछले साल भारत को होने वाले चीनी सामान के निर्यात में 21.7% की वृद्धि हुई है और यह 118.5 अरब डॉलर हो गया है। ताज़ा आंकड़े भारत के लिए चिंताजनक हैं. भारत का व्यापार घाटा अब 101.02 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर को पार कर गया है, जबकि 2021 में यह आंकड़ा 69.38 अरब डॉलर था।
ऐसा पहली बार हुआ है कि भारत का व्यापार घाटा 100 अरब डॉलर पहुंचा है, जिसे भारत लगातार कम करने की कोशिश करता रहा है।
लेकिन व्यापार बढ़ने के साथ व्यापार घाटे का बढ़ना भी जारी रहा। साल 2020 के मुकाबले 2021 में दोनों देशों के बीच व्यापार में 43.32% की बढ़ोत्तरी हुई थी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal