लखनऊ : केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे हैं। वे यहां एक समाराेह में पुलिस आरक्षियाें काे नियुक्त पत्र वितरित करेंगे।
केन्द्रीय गृह मंत्री शाह का यहां चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह यहां वृंदावन योजना स्थित डिफेंस एक्सपो मैदान सेक्टर 18 पर आयोजित पुलिस आरक्षियों को नियुक्ति पत्र वितरण समाराेह में शामिल हाेंगे। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री शाह और मुख्यमंत्री योगी उत्तर प्रदेश के नवचयनित 60,244 पुलिस आरक्षियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश के कई जिलों के चयनित अभ्यर्थी पहुंच चुके हैं।
आज सुबह केन्द्रीय मंत्री अमित शाह के आगमन को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि नए भारत का नया उत्तर प्रदेश’ आज ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज लखनऊ में विश्व के सबसे बड़े पुलिस बल उत्तर प्रदेश पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी पुलिस भर्ती परीक्षा में चयनित 60,244 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री ने लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में ‘सुरक्षित उत्तर प्रदेश’ का संकल्प सिद्ध हो रहा है। युवाओं के सपने साकार हो रहे हैं।’
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal