नई दिल्ली : इंडिगो एयरलाइन की नई दिल्ली से लेह जाने वाली उड़ान संख्या 6ई 2006 तकनीकी खराबी के कारण गुरुवार सुबह दो घंटे से अधिक समय तक हवा में रही और उसके बाद उसे आईजीआई हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा।
एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली से लेह के लिए 19 जून को उड़ान भरने वाली फ्लाइट (6ई-2006) तकनीकी समस्या के कारण अपने मूल स्थान पर लौट आई है। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि परिचालन पुनः शुरू करने से पहले विमान का आवश्यक रखरखाव किया जा रहा है। यात्रियों को लेह ले जाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है। उन्होंने इस विमान में सफर करने वाले यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है। हालांकि, इस विमान में सवार यात्रियों की संख्या के बारे में तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार दिल्ली से लेह जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान 6ई-2006 का संचालन करने वाला A320 विमान दो घंटे से अधिक समय तक हवा में रहने के बाद राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली लौट आया है।
इसके अलावा एक अलग घटना में हैदराबाद से तिरुपति जा रहा स्पाइसजेट एयरलाइन का एक विमान गुरुवार को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वापस आ गई। फ्लाइट एसजी 2696 ने हैदराबाद से सुबह 6.19 बजे उड़ान भरी थी और इसे सुबह 7.40 बजे तिरुपति में उतरना था।