गांधीनगर : आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तीन दिवसीय गुजरात के दौरे पर हैं। केजरीवाल गुजरात जोड़ो सदस्यता अभियान के जरिए नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ रहे हैं। हाल ही में गुजरात में दो विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव हुए थे और इसमें से एक सीट विसावदर पर पार्टी के नेता गोपाल इटालिया को जीत मिली थी। इस जीत को आआपा ने बड़ी कामयाबी बताया था।
हालांकि इसके तुरंत बाद पार्टी को झटका लगा और उनके विधायक उमेश मकवाना ने पार्टी को अलविदा कह दिया। गुजरात में 2027 के दिसंबर में विधानसभा के चुनाव होने हैं और पार्टी की कोशिश यहां कांग्रेस की जगह लेने की है।
यात्रा के दूसरे दिन दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल पर जोरदार प्रहार किया और कहा कि एक दिन भगवान उनसे पूछेगा कि पृथ्वी पर क्या किया। कहा कि विसावदर की जीत मामूली जीत नहीं है। इसके जरिए भगवान बहुत बड़ा संदेश देना चाहता है। भगवान जनता में बसते हैं। जनता का फैसला भगवान का निर्णय होता है। यह कोई छोटी बात नहीं, कोई इत्तेफाक नहीं है कि 2022 में हम इस सीट पर जितने वोट से जीते उससे तीन गुना वोट के अंतर से जीते। उपचुनाव में वही पार्टी जीतती होती है जिसकी सरकार होती है।
गुजरात में भाजपा की 30 साल से सरकार है। प्रशासन पर ऐसी जकड़ है कि पार्टी को कुछ भी गलत करने से परहेज नहीं है। वहां आप इतने प्रचंड बहुमत से जीत जाते हैं, मैं तो इसमें कुदरत का खेल मानता हूं। भगवान का संदेश मानता हूं। गीता में लिखा है, भगवान जनता के जरिए बोलते हैं।———————