ट्रंप पहुंचे जापान, टोक्यो में सम्राट से मिले, प्रधानमंत्री के साथ वार्ता शुरू

टोक्यो : एशिया के राजकीय दौरे पर निकले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कुछ घंटे पहले अपने दौरे के दूसरे पड़ाव टोक्यो पहुंचे। वहां सबसे पहले उन्होंने जापान के सम्राट नारुहितो से मुलाकात की। ट्रंप की इस समय देश की पहली महिला प्रधानमंत्री साने ताकाइची से मुलाकात हो रही है। इससे पहले ट्रंप मलेशिया गए और थाईलैंड व कंबोडिया के बीच शांति घोषणापत्र पर हस्ताक्षर में शामिल हुए।

 

द जापान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने मंगलवार को टोक्यो में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी पहली बैठक शुरू की। इस बैठक में व्यापार और सुरक्षा के मुद्दे एजेंडे में हैं।

 

राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और बैठक से पहले मार्ग पर लगभग 18,000 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया। ट्रंप तड़के भव्य अकासाका पैलेस पहुंचे, जहां मुस्कुराते हुए ताकाइची ने उनका स्वागत किया। दोनों ने अंग्रेजी में कुछ शब्दों का आदान-प्रदान किया।

 

सीएनएन चैनल की इस दौरे से जुड़ी रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी टैरिफ वार्ताकार चीन के साथ एक व्यापार समझौते की रूपरेखा पर भी पहुंच गए, जिससे चीनी वस्तुओं पर 157 प्रतिशत टैरिफ लगाने की योजना टल गई और इस सप्ताह के अंत में ट्रंप और चीन के नेता शी जिनपिंग के बीच संभावित वार्ता की नींव रखी गई। वित्तमंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि चीन पर टैरिफ बढ़ाने का विचार अब “प्रभावी रूप से विचाराधीन” है।

 

राष्ट्रपति ट्रंप ने मलेशिया से जापान यात्रा के दौरान अपने एयरफोर्स वन में पत्रकारों से तीसरी बार चुनाव लड़ने की संभावना पर चर्चा की। एक रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने 2028 में तीसरी बार राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने की अपनी संभावना को खुला रखा। हालांकि, उन्होंने तुरंत यह भी कहा कि उन्होंने “फिर से चुनाव लड़ने के बारे में वास्तव में नहीं सोचा है”।

 

ट्रंप ने अपने कार्यकाल के बाद रिपब्लिकन पार्टी का नेतृत्व करने वाले संभावित उत्तराधिकारियों का भी संकेत दिया। उन्होंने 2028 के राष्ट्रपति पद की दौड़ के लिए विदेशमंत्री मार्को रुबियो और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को शीर्ष दावेदार बताया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com