शीतलहर से एक दर्जन ट्रेनें रद्द, फ्लाइट भी प्रभावित

चंडीगढ़ : पहाड़ों में बर्फ की सफेद चादर जमने से मैदानी क्षेत्र शीत लहर की चपेट में आ चुके हैं। हरियाणा और पंजाब दोनों सूबों में कड़ाके की ठंड से कंपकंपी छूट रही है। बारिश के बाद धुंध और कोहरा छाने से सड़क, रेल और हवाई मार्ग बुरी तरह प्रभावित हैं। खासकर ट्रेनें और हवाई सेवाओं में देरी होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब एक दर्जन ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। मंगलवार को रेलवे मंत्रालय की ओर से उत्तरी राज्यों में चलने वाली एक दर्जन ट्रेनों के रद्द होने की सूचना जारी की है। कुछ ट्रेनें अल्प तो कुछ लंबे समय के लिए रद्द की गई हैं। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर भी कई फ्लाइट निर्धारित समय की देरी से पहुंची। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक आगामी 48 घंटे में ठंड और बढ़ेगी।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि उत्तरी दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने वाली ठंडी हवाओं से ठिठुरन बढ़ने की संभावना है। मंगलवार को हरियाणा और पंजाब में पठानकोठ सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्यिसय दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा के भिवानी का तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अतिरिक्त सिरसा का 7.3 डिग्री सेल्सियस, नारनौल का 8.2 डिग्री सेल्सियस तो हिसार का 8.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली तथा यहां पहुंचने वाली आधा दर्जन से ज्यादा फ्लाइटें देरी से पहुंची। इनमें चंडीगढ़ से नांदेड को उड़ान भरने वाली एयरइंडिया की फ्लाइट ने दो घंटे की देरी से उड़ी, जबकि मुंबई को जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट भी 25 मिनट की देरी से उड़ी। यही नहीं चंडीगढ़ पहुंचने वाली फ्लाइटें भी निर्धारि समय की देरी से पहुंची।
इनमें मुंबई से आने वाली फ्लाइट का समय सुबह 8 बजे था, लेकिन वह करीब डेढ़ घंटे की देरी के साथ 10.30 बजे पहुंची। इसी तरह अहमदाबाद से पहुंचने वाली गो-एयर की फ्लाइट 20 मिनट की देरी से 11.45 बजे चंडीगढ़ पहुंची। गो-एयर की फ्लाइट हैदराबाद से 16 मिनट की देरी से पहुंची। मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 28 मिनट और बेंगलूर से आने वाली एयर एशिया इंडिया की फ्लाइट 45 मिनट की देरी से चंडीगढ़ पहुंची।  राष्ट्रीय राजधानी से चंडीगढ़, अमृतसर, अंबाला, रोहतक और भिवानी ट्रैक पर चलने वाली ट्रेनों के रद्द होने की सूचना रेलवे मंत्रालय की ओर से जारी की गई है। इनमें कुछ ट्रेनें अल्प तो कुछ लंबे समय के लिए रद्द की गई हैं। उच्चाहार एक्सप्रेस और अमृसर मेल रद्द की गई है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com