आईसीयू पहुंचे कानून मंत्री ब्रजेश पाठक, सांस लेने में हो रही तकलीफ

लखनऊ। प्रदेश के विधायी, न्याय एवं ग्रामीण अभियन्त्रण सेवा मंत्री ब्रजेश पाठक को सांस लेने में तकलीफ होने पर रविवार को संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती कराया गया है। पत्नी नम्रता पाठक के कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आने के बाद कानून मंत्री भी संक्रमित हैं। ब्रजेश पाठक अभी तक होम आइसोलेशन यानि घर पर रहकर इलाज करा रहे थे। उन्हें रविवार सुबह सांस लेने में तकलीफ होने पर एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया। जहां पर प्रदेश सरकार के अन्य मंत्री व नेता पहले से भर्ती हैं। मंत्री ब्रजेश पाठक में बीती पांच अगस्त को संक्रमण की पुष्टि हुई थी। उन्होंने स्वयं इसकी जानकारी दी और बताया कि कोरोना के प्रारम्भिक लक्षण लगने पर डॉक्टरों के परामर्श पर कराई गई कोविड-19 की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री ने विगत दिनों अपने संपर्क में आने वाले लोगों से सरकार द्वारा निर्धारित कोविड-19 की गाइडलाइंस के अनुसार स्वयं को एकांतवास (क्वारंटाइन) कर जांच कराने का आग्रह किया। होम आइसोलशेन में उनकी तबियत ठीक चल रही थी। लेकिन आज सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें तत्काल एसजीपीजीआई के आईसीयू में भर्ती कराया गया। मंत्री की हालत स्थित बतायी जा रही है।

ब्रजेश पाठक कोरोना संक्रमण काल में लोगों की मदद के लिए बेहद तत्पर रहे हैं। संक्रमित होने पर लोगों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना व सुंदरकांड का पाठ भी कराया। पाठक ने स्वयं ट्वीट कर इसके लिए आभार जताया। प्रदेश में कोरोना के तेजी से प्रसार के बीच एक के बाद एक कई मंत्री भी संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। इनसे पहले जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उनको भी एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप उर्फ मोती सिंह, होमगार्ड मंत्री चेतन चौहान, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह भर्ती हैं। इनसे पहले आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी भी परिवार सहित संक्रमित हो गए थे। उनको सहारनपुर में भर्ती कराया गया। जबकि श्रम निर्माण एवं परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष ठाकुर रघुराज सिंह संक्रमित हैं। इसके अलावा बीते रविवार को कोरोना वायरस की चपेट में आने के कारण प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण का निधन हो गया था। इस बीच प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेन्द्र तिवारी की कोरोना को मात दे चुके हैं। वह अब सिर्फ डॉक्टरी सलाह पर कुछ दिन के लिए और आइसोलेट रहेंगे। कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्होंने प्लाज्मा दान करने का निर्णय किया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com