चंद्रयान-2′ का लैंडर ‘विक्रम’ शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात चांद की सतह पर ऐतिहासिक ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करेगा। इस क्षण की प्रतीक्षा इसरो के वैज्ञानिकों के साथ ही दुनिया को भी है। इसके साथ ही भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में पहुंचने वाला विश्व का पहला देश बन जाएगा। इस पल का गवाह बनने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगलूरू स्थित इसरो सेंटर में मौजूद रहेंगे। उनके साथ देशभर से चुने हुए बच्चे भी शामिल होंगे।
चंद्रमा की सतह पर उतरने से पहले प्रधानमंत्री ने भारत के इस महत्वकांक्षी अतंरिक्ष अभियान को लेकर कई ट्वीट किए हैं। उन्होंने पहले ट्वीट में लिखा, ‘130 करोड़ भारतीय जिस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे वह आने वाला है। अब से कुछ घंटों बाद चंद्रयान-2 दक्षिण ध्रुव पर लैंड करेगा। भारत सहित पूरी दुनिया एक बार फिर हमारे अतंरिक्ष वैज्ञानिकों का अनुकरणीय कौशल देखेगी।’