UP : जिला पंचायत अध्यक्ष की सीटों के लिए आरक्षण सूची जारी

लखनऊ। प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष की सीटों का आरक्षण तय कर दिया गया है। इसके साथ ही ब्लॉक प्रमुख की सीटों की संख्या तय हो गई है। वर्ष 2021 में पुनर्गठन के बाद कुल 75 जनपदों के 826 विकास खण्ड में 58,194 ग्राम पंचायतें हैं। अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज मनोज कुमार सिंह ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रदेश में 2015 के निर्वाचन के समय ग्रामीण जनसंख्या 15.80 करोड़ थी। इस समय जब यह आबादी 15.20 करोड़ है। इस तरह 60.59 लाख आबादी शहरों में चली गई है। उन्होंने बताया कि वार्ड और सीटों में परिवर्तन की बात की जाए तो जिला पंचायत अध्यक्ष के 75 पदों के स्तर पर कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। सदस्य के स्तर पर 69 वार्ड कम हुए हैं। क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के 05 पदों का इजाफा हुआ है। इस समय यह 826 हैं, जबकि पहले 821 हुआ करते थे। क्षेत्र पंचायत सदस्यों की संख्या 1,946 कम हुई है। पहले 77801 और अब 75855 है। वहीं ग्राम पंचायत प्रधानों की संख्या 880 कम हुई है। 2015 में 59,074 पर निर्वाचन कराया गया था। इस बार 58,194 पर निर्वाचन कराया जा रहा है। ग्राम पंचायत सदस्यों की जो संख्या 2015 की तुलना में 12,745 कम हुई है।

75 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष पदों की बात करें तो 16 पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसमें 06 पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसी प्रकार पिछड़ी जाति महिला के लिए 07 और कुल पिछड़ी जाति में 20 आरक्षित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सामान्य में कुल 27 सीटें हैं और इनमें महिलाओं के लिए 12 आरक्षित हैं। इस तरह सामान्य, अनुसूचित जाति और पिछड़ी जाति तीनों को मिलाकर कुल 25 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र पंचायतों में 826 में से 5 पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। इसमें सोनभद्र में 02 तथा ललितपुर, देवरिया और बलिया में 01-01 पद है। वहीं 171 पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं, जिसमें 86 पद महिलाओं के लिए हैं। इसी तरह तरह अन्य पिछड़ा वर्ग में 223 सीट कुल आरक्षित हैं और महिलाओं के लिए 97 है। यानी स्त्रियों के लिए कुल 826 में 300 सीट आरक्षित हैं। इसी तरह जो 58,194 ग्राम पंचायतें हैं, उनके लिए भी विकासखंड वार किस विकासखंड में कितने प्रधानों का पद किस श्रेणी में आरक्षित होगा, इसका आदेश पंचायती राज निदेशक द्वारा जारी कर दिया गया है।

पंचायती राज निदेशक किंजल सिंह ने ग्राम पंचायतों को लेकर बताया कि प्रदेश में कुल 58,194 ग्राम प्रधान के पद हैं। इन 58,194 ग्राम पंचायतों में अनुसूचित जनजाति के लिए 330 पद आरक्षित किए गए हैं। इनमें 199 पद अनुसूचित जनजाति पुरुष और 131 पद अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं। प्रदेश में 826 विकास खंडों में 565 विकास खंडों में अनुसूचित जनजाति निवास करती है। उसी के हिसाब से उन सभी विकास खंडों में पद आरक्षित कर दिए गए। उन्होंने बताया कि इसके अलावा अनुसचित जाति के लिए कुल 12,045 पद आरक्षित किए गए हैं। इसमें महिलाओं के लिए 4,288 और पुरुषों के लिए 7,757 पद आरक्षित किए गए। वहीं पिछड़ा वर्ग के लिए के जो पद आरक्षित किए गए हैं वह 15,712 है। इनमें पुरुषों के लिए 10,211 और महिलाओं के लिए 5,501 पद हैं। इसी प्रकार सामान्य स्त्री पद 9,739 आरक्षित किए है। इस प्रकार कुल कुल 58,194 में 20,368 पद अनारक्षित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधान की आरक्षण की यूनिट ब्लॉक होती है निदेशालय द्वारा हर ब्लाक में कुल ग्राम पंचायत के सापेक्ष कितने पद किस श्रेणी में होंगे, इसका आदेश आज जारी कर दिया गया है। इसके बाद जिलाधिकारी द्वारा इन श्रेणी के सापेक्ष ग्राम पंचायतों का आवंटन सुनिश्चित करेंगे। यह सभी कार्य जिलाधिकारियों को 15 मार्च तक पूरे करने होंगे।

शामली, बागपत, लखनऊ, कौशाम्बी, सीतापुर और हरदोई जिला पंचायत अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। कानपुर नगर, औरैया, चित्रकूट, महोबा, झांसी, जालौन, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, मिर्जापुर जिला पंचायत अध्यक्ष पद हेतु अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। संभल, हापुड़, एटा, बरेली, कुशीनगर, वाराणसी, बदायूं जिला पंचायत अध्यक्ष पद हेतु अन्य पिछड़ा वर्ग स्त्री के लिए आरक्षित है। आजमगढ़, बलिया, इटावा, फर्रुखाबाद, बांदा, ललितपुर, अंबेडकर नगर, पीलीभीत, बस्ती, संतकबीरनगर, चंदौली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हुआ। कासगंज, फिरोजाबाद, मैनपुरी, मऊ, प्रतापगढ़, कन्नौज, हमीरपुर, बहराइच, अमेठी, गाजीपुर, जौनपुर, सोनभद्र जिला पंचायत अध्यक्ष पद हेतु स्त्रियों के लिए आरक्षित हुआ। अलीगढ़, हाथरस, आगरा, मथुरा, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर देहात, गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, अयोध्या, सुल्तानपुर, शाहजहांपुर, सिद्धार्थनगर, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा, मेरठ, बुलंदशहर, गाजियाबाद ,गौतमबुद्धनगर, उन्नाव, भदोही जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अनारक्षित रहेगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com