उत्तराखंड : तीरथ सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार, आज, शाम पांच बजे 11 मंत्री लेंगे शपथ

मुख्यमंत्री पद पर ताजपोशी के बाद तीरथ सिंह रावत मंत्रिमंडल के गठन की कवायद में जुट गए हैं। वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर कैबिनेट मंत्रियों के नामों पर विचार कर सकते हैं। तीरथ सिंह रावत पूरा मंत्रिमंडल बनाने की तैयारी में हैं। उनके मंत्रिमंडल में 11 मंत्री होंगे। मंत्रिमंडल का विस्तार आज होगा। शुक्रवार को शाम पांच बजे मंत्री शपथ लेंगे।

चार ठाकुर, चार ब्राह्मण के अलावा एक महिला और एक दलित चेहरा मंत्रिमंडल में शामिल हो सकता है। मदन कौशिक को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और मदन कौशिक देहरादून पहुंच गए हैं।

नरेंद्र नगर से विधायक सुबोध उनियाल , बाजपुर से विधायक यशपाल आर्य, चौबट्टाखाल से विधायक सतपाल महाराज, बदरीनाथ से विधायक महेंद्र भट्ट , खटीमा से विधायक पुष्कर सिंह धामी, यमकेश्वर से विधायक ऋतु खंडूरी, कालाढूंगी से विधायक बंशीधर भगत, हरिद्वार ग्रामीण से विधायक यतीश्वरानंद, डीडीहाट विधायक से विशन सिंह चुफाल, कोटद्वार से विधायक हरक सिंह रावत और श्रीनगर से विधायक धनसिंह रावत को मंत्री बनाए जाने की संभावना है।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा। जब हमें दिल्ली (केंद्रीय नेतृत्व) से नाम प्राप्त हो जाएंगे तो वह आज दोपहर बाद शपथ ले लेंगे। संसदीय बोर्ड इस पर चर्चा कर रहा है। वे हमें वे नाम भेजेंगे, जिन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। 11 मंत्री शपथ लेंगे।

नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को अब मंत्रिमंडल के गठन को लेकर भी चुनौती मिल रही है। सूत्रों के मुताबिक पहले के मंत्रिमंडल के कुछ मंत्रियों ने दौड़ धूप भी शुरू कर दी है। कुछ मंत्रियों के बाहर होने की चर्चा से भी अधिकतर मंत्रियों की धड़कन बढ़ी हुई है।

मुख्यमंत्री के रूप में तीरथ सिंह रावत अचानक सामने आए और उनके नाम पर विधानमंडल दल की बैठक में सहमति भी बनी थी, लेकिन अब तीरथ के सामने मंत्रिमंडल के गठन की चुनौती है। आलाकमान का साथ मिलने से तीरथ के लिए यह काम आसान साबित हो रहा है लेकिन उन्हें अब चुनौती भी मिल रही है।

सूत्रों के मुताबिक कुछ नेता शुक्रवार को दिल्ली की ओर भी रुख कर सकते हैं। मामला दरअसल चुनाव से भी जुड़ा हुआ है। अपने निर्वाचन क्षेत्रों में सक्रिय होने का यही समय है और इस वक्त मंत्रिमंडल से बाहर होने पर चुनाव को और कठिन भी बना सकता है।

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के पास लोक निर्माण विभाग, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, ग्राम विकास, ऊर्जा सहित करीब 40 विभाग थे। अभी यह साफ नहीं है कि तीरथ सिंह रावत अपने पास कितने विभाग रखते हैं, लेकिन लोक निर्माण विभाग, ऊर्जा, पर्यटन, पंचायत, स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा, सहकारिता जैसे विभागों के लिए लॉबिंग होती रही है। ऐसे में पोर्टफोलियो बांटना भी तीरथ के लिए आसान नहीं होगा।

वहीं मंत्री पद की दौड़ में शामिल कई वरिष्ठ विधायक शिष्टाचार भेंट के बहाने गुरुवार को मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के आवास पर परिक्रमा करते नजर आए। पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक भी दिल्ली गए, जहां उन्होंने वहां केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने दिल्ली दौरे की पुष्टि की है।

उधर, गोपन विभाग मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी में जुट गया है। मंत्रियों का शपथग्रहण समारोह राजभवन में होना है। शुक्रवार को राज्यपाल बेबीरानी मौर्य को हाथरस में एक धार्मिक कार्यक्रम में भाग ले रही हैं। उनके वहां से शाम चार बजे से पहले लौटने का कार्यक्रम है। मंत्रिमंडल का गठन शाम चार बजे के बाद हो सकता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com