चंडीगढ़ से बस और रेल सेवा प्रभावित, शताब्दी और जनशताब्दी भी नहीं चली

चंडीगढ़ में भारत बंद बेअसर दिख रहा है। शहर की सभी मार्केट्स पूरी तरह खुल चुकी हैं। लेकिन चंडीगढ़ के बॉर्डर एरिया पूरी तरह सील कर दिए गए हैं। चंडीगढ़ के साथ लगते मुल्लांपुर बॉर्डर, जीरकपुर बॉर्डर, पंचकूला की तरफ से हल्लोमाजरा रोड को बंद कर दिया गया है। पंचकूला, जीरकपुर और मोहाली की तरफ सभी बॉर्डर एरिया पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

चंडीगढ़ से पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश और दिल्ली जाने वाली सभी राज्यों की बसों की आवाजाही रोक दी गई है, जिसके चलते यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। वहीं, रेल सेवा भी पूरी तरह प्रभावित हुई है। कालका-दिल्ली शताब्दी सुबह 6:50 बजे कालका स्टेशन से चलनी थी और 7:38 बजे जन शताब्दी चलनी थी, लेकिन अभी तक दोनों ट्रेनें चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर रोक दी गई हैं। वहीं, ऊना-चंडीगढ़-दिल्ली जनशताब्दी भी चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर रुकी हुई है, जिसे दिल्ली के लिए रवाना होना था। लेकिन अंबाला के पास ट्रैक पर किसानों द्वारा धरना दिया जा रहा है, जिस कारण जनशताब्दी सहित अन्य रेल सेवा प्रभावित हुई है।

सुबह से चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से न तो कोई ट्रेन आई है और न ही गई है। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के अधीक्षक जेपी सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से सुबह 6:53 पर जाने वाली कालका -नई दिल्ली शताब्दी ट्रेन को सुरक्षा के मद्देनजर चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर रोक लिया है। इसके अलावा सुबह साढ़े सात बजे जाने वाली ऊना -चंडीगढ़ -नई दिल्ली जनशाताब्दी को भी रोक लिया है। गौरतलब है कि कृषि सुधार कानूनों के विरोध में किसानों ने भारत बंद बुलाया है, इसी के मद्देनजर लालड़ू में किसानों ने रेलवे ट्रैक पर जाम लगाया है।

यात्रियों हो रहे परेशान

चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद है। इसके अलावा सड़क यातायात भी बंद है। ऐसे में हजारों लोग रेलवे स्टेशनों पर फंस गए हैं। शताब्दी से दिल्ली जाने वाले यात्री रजनीश सारिक ने बताया कि उन्हें दोपहर को भोपाल के लिए दिल्ली से ट्रेन पकड़नी थी, लेकिन न तो ट्रेनें चल रही हैं और सड़क यातायात भी बंद है। अब उन्हें दोबारा टिकट बुक करवानी पड़ेगी।

अभी चंडीगढ़ रेलवे से 12 ट्रेनों की आवाजाही

गौरतलब है कि इससे पहले भी कृषि सुधार कानूनों के विरोध में किसानों से लालडू रेलवे ट्रेक पर धरना लगाया था, जिस वजह से लगभग 45 दिन इस रूट पर रेल यातायात पूरी तरह से बाधित रहा है। कोरोना महामारी से पहले चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन और कालका रेलवे स्टेशन से रोजाना 50 से 60 ट्रेनों का संचालन होता था। बावजूद इसके हर फेस्टिवल सीजन में दो से तीन ट्रेनें अतिरिक्त चलाई जाती थी, लेकिन इस बार होली के मौके पर कोई अतिरिक्त ट्रेन नहीं चलाई है, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से मौजूदा समय में सिर्फ 12 ट्रेनों की आवाजाही हो रही है।

पंचकूला में चंडीमंदिर टोल प्लाजा पूरी तरह बंद कर दिया गया है। शिमला हाईवे पर जाम की स्थिति बनी हुई है। वहीं, बात करें चंडीगढ़-दिल्ली हाईवे की तो दिल्ली हाईवे पर भी यातायात पूरी तरह से ठप है। मोहाली का एयरपोर्ट रोड को भी स्थानीय लोगों द्वारा बंद कर दिया गया है, जिससे फ्लाइट के लिए जाने वालों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com