सी.एम.एस. छात्र को 1,40,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप

लखनऊ, 28 जून। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, आर.डी.एस.ओ. कैम्पस के प्रतिभाशाली छात्र आरव प्रताप सिंह को उच्चशिक्षा हेतु अमेरिका की प्रतिष्ठित ओहियो वेस्लेयन यूनिवर्सिटी द्वारा 1,40,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप से नवाजा गया है। आरव को यह स्कॉलरशिप चार वर्षीय उच्चशिक्षा अवधि के दौरान प्रदान की जायेगी। आरव ने विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालया में स्कॉलरशिप के साथ चयनित होकर देश का नाम विश्व में गौरवान्वित किया है। सी.एम.एस. संस्थापक डा. जगदीश गाँधी ने आरव की इस उपलब्धि पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

            सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि प्रतिवर्ष सी.एम.एस. के 100 से अधिक मेधावी छात्र विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में उच्चशिक्षा हेतु चयनित होते हैं। इस वर्ष अभी तक सी.एम.एस. के 70 से अधिक छात्र अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, आस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों में चयनित हो चुके है, जिनमें से अधिकतर को स्काॅलरशिप प्राप्त हुई है। श्री शर्मा ने आगे कहा कि सी.एम.एस. छात्रों के दृष्टिकोण व्यापक बनाने व उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु सदैव प्रयासरत है और इसी कड़ी में छात्रों को भारत में एवं विदेशों में उच्चशिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है। सी.एम.एस. प्रदेश में एकमात्र एस.ए.टी. (सैट) एवं एडवान्स प्लेसमेन्ट (ए.पी.) टेस्ट सेन्टर है जो उत्तर प्रदेश एवं आसपास के अन्य राज्यों के छात्रों को विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में स्कॉलरशिप के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद कर रहा है। इससे पहले, विदेश में उच्चशिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक प्रदेश के छात्रों को सैट परीक्षा के लिए दिल्ली जाना पड़ता था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com