परमबीर सिंह पर रंगदारी वसूलने का स्टेटमेंट रिकार्ड, मुसीबतें बढीं

परमबीर सिंह पर रंगदारी वसूलने का स्टेटमेंट रिकार्ड, मुसीबतें बढीं

मुंबई। मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह पर रंगदारी वसूली संबंधी स्टेटमेंट ठाणे नगर पुलिस स्टेशन में पुलिस ने रिकार्ड किया है। बुकी केतन तन्ना ने 5 घंटे लंबे स्टेटमेंट में परमबीर सिंह पर कठोर धाराओं से बचने के लिए 1 करोड़ 18 लाख रुपये रंगदारी वसूलने का आरोप लगाया है। इससे परमबीर सिंह सहित कई पुलिस अधिकारियों की मुसीबतें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं।

बुकी केतन तन्ना ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार रात को वे अपनी पत्नी सहित ठाणे नगर पुलिस स्टेशन में स्टेटमेंट दर्ज करवाने आए थे। स्टेटमेंट दर्ज करने की प्रक्रिया शुक्रवार को सुबह तक चली है। उनसे परमबीर सिंह, प्रदीप शर्मा, राजकुमार कोथमिरे, एन. टी. कदम, विकास दाभाड़े की टीम ने कठोर धाराएं न लगाने के एवज में एक करोड़ 18 लाख रुपये लिए थे। केतन तन्ना ने बताया कि परमबीर सिंह के वसूली का काम विमल अग्रवाल व जुबेर अंसारी नामक दलालों के मार्फत चलाया जा रहा था। उन्होंने अपना विस्तृत स्टेटमेंट पुलिस को दिया है, आशा है इस पर कार्रवाई होगी और उन्हें न्याय मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि बुकी केतन तन्ना व सोनू जालान ने ठाणे जिले के कोपरी पुलिस स्टेशन में परमबीर सिंह व उनके मातहत अधिकारियों के विरुद्ध रंगदारी वसूली का मामला दर्ज करवाया था। इस मामले में पुलिस बुकी सोनू जालान का भी बयान दर्ज करने वाली है। इससे पहले मुंबई में मरीन ड्राईव पुलिस स्टेशन में परमबीर सिंह व उनके मातहत अधिकारियों पर मामला दर्ज किया गया है।

इन मामलों की जांच के लिए राज्य सरकार ने विशेष इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) गठित की है और मामले की छानबीन जारी है। मुंबई पुलिस की ओर से दर्ज रंगदारी वसूली के मामलों को रद्द किए जाने के लिए परमबीर सिंह ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की है, इसलिए हाई कोर्ट ने परमबीर सिंह पर 5 अगस्त तक कठोर कार्रवाई न करने का आदेश पुलिस को दिया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com