पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया जाए: मुख्यमंत्री

पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया जाए: मुख्यमंत्री

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद वाराणसी में गतिमान प्रमुख परियोजनाओं की कार्य प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि काशी में लोक कल्याणकारी कार्यक्रमों के साथ विकास के रिकॉर्ड कार्य हुए हैं, जो अनवरत जारी हैं। आज बनारस वैश्विक फलक पर है। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाएं तय समय पर पूर्ण की जाएं।

मुख्यमंत्री जी ने जल निगम को निर्देश देते हुए कहा कि 15 अक्टूबर, 2021 के पूर्व शाही नाले के कार्य को पूर्ण किया जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से कोरोना नियंत्रण कार्यों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। जनपद में औसतन 5,000 टेस्ट किए जा रहे हैं। उन्होंने कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग जारी रखने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संसाधन की कमी नहीं है। मरीजों को एम्बुलेंस, बेड, स्ट्रेचर आदि स्वास्थ्य सुविधाएं समय से उपलब्ध हों।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्कूलों के खुलने तथा पठन-पाठन से पूर्व, स्कूलों में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, शौचालय आदि व्यवस्थाओं का जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, बी0ई0ओ0 स्वयं निरीक्षण करंे। उन्होंने नगर आयुक्त से नगर की साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वी0डी0ए0 को कैम्प लगाकर नक्शा पास करने के मामले निस्तारित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जल निगम, सी0 एण्ड डी0एस0 आदि निर्माण एजेंसी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करें। सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए अभियान चलाकर कार्य किया जाए। सीवर की उपयुक्त व्यवस्था की जाए। उन्होंने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने पर बल देते हुए कहा कि पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू की जाए। अधिकारीगण मानक के अनुसार निर्माण कार्य सम्पन्न कराएं, मौके पर निर्माण कार्यों का स्वयं निरीक्षण करें तथा कार्य प्रगति की आख्या शासन व मुख्यमंत्री कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि वर्तमान में 8817.27 करोड़ रुपए की 117 प्रमुख परियोजनाएं गतिमान हैं, जिसमें इसी वर्ष दिसम्बर तक 5219.45 करोड़ रुपए की 75 परियोजनाएं चरणबद्ध रूप से पूर्ण हो जाएंगी। इसी माह अगस्त में

102.73 करोड़ रुपए की 08 परियोजनाएं पूर्ण कर ली जाएंगी। अगले माह सितम्बर में 2997.57 करोड़ रुपए की 19 परियोजनाएं पूर्ण हो जाएंगी। माह अक्टूबर में 1013.42 करोड़ रुपए की 11 परियोजनाएं पूर्ण होंगी। नवम्बर माह में 536.83 करोड़ रुपए की 13 परियोजनाएं पूर्ण होंगी तथा 539.44 करोड़ रुपए की 20 परियोजनाएं दिसम्बर में पूर्ण हो जाएंगी।

बैठक में पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 नीलकंठ तिवारी, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रविन्द्र जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com