उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की रुद्रप्रयाग में इमरजेंसी लैंडिंग

रुद्रप्रयाग। प्रदेश में भारी बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है। ऐसे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हेलीकॉप्टर से हवाई दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा करते समय मौसम खराब होने पर अचानक सीएम पुष्कर सिंह धामी के हेलीकॉप्टर ने रुद्रप्रयाग के गुलाबराय स्थित मैदान में लैंडिंग की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जिला प्रशासन ने सीएम का स्वागत किया।

प्रदेश में लगातार तीन दिनों से मौसम खराब होने से हालात बेकाबू हो गये हैं। जगह-जगह भारी बारिश के कारण नुकसान की सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। अभी तक बारिश के कारण सूबे में कम से कम 17 लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरा कर रहे हैं। मंगलवार दोपहर के समय कुमाऊं दौरे पर निकले सीएम पुष्कर सिंह धामी के हेलीकॉप्टर ने अचानक से मौसम खराब होने पर रुद्रप्रयाग स्थित गुलाबराय मैदान में लैंडिंग की। यहां पर पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जिला प्रशासन ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सीएम धामी गुलाबराय स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जिला प्रशासन से स्थिति की जानकारी की। उन्होंने जिलाधिकारी मनुज गोयल से कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया जाए और जहां पर स्थिति खराब है, वहां पर शीघ्र राहत पहुंचाई जाय। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों को कोई भी समस्या नहीं होनी चाहिए। उनके रहने और खाने की बेहतर व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम साफ होने पर 20 अक्टूबर से यात्रा बहाल कर दी जाएगी। सीएम ने बताया कि प्रदेश में हुई भारी बारिश के कारण आपदा से काफी नुकसान हुआ है। कई जगहों पर पुल भी बह गये हैं। जनहानि की भी सूचनाएं मिल रही हैं। प्रदेश में हो रही इन आपदा प्रभावित घटनाओं की प्रधानमंत्री भी मानीटरिंग कर रहे हैं। सरकार की ओर से आम जन की मदद की जा रही है। आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया जा रहा है। उन्होंने अफवाह फैलाने वाले लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है।

धामी ने कहा कि मौसम सामान्य होने के बाद ही चारधाम यात्रा फिर शुरू की जाएगी। जिन जगहों पर यात्रियों के लिए रहने की व्यवस्थाएं नहीं हो पा रही हैं, वहां जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिये गये हैं। इस मौके पर उनके साथ काबीना मंत्री डॉ धन सिंह रावत, विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चौधरी, भाजपा नेता बीरेन्द्र बिष्ट एवं डीजीपी अशोक कुमार भी थे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com