पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी मोहाली में विजिलेंस के सामने पेश हुए

चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी आज (शुक्रवार) सुबह मोहाली स्थित पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के मुख्यालय में एक करोड़ रुपये से ज्यादा के कथित घोटाले के मामले की जांच के सिलसिले में पेश हुए। चन्नी के खिलाफ पंजाब के बठिंडा निवासी राजबिंदर सिंह ने शिकायत दी है।

इस शिकायत में आरोप लगाया है कि चन्नी ने पद का दुरुपयोग करते हुए थीम पार्क की धनराशि को बेटे की शादी पर खर्च किया। यह करीब एक करोड़ 47 लाख रुपये का घोटाला है। इस मौके पर पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा तथा कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी भी मौजूद रहे। चन्नी के मुख्यमंत्री बनने की राह में रोडे़ अटकाने वाले पूर्व कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू नदारद रहे।

इससे पहले चन्नी ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि विजिलेंस को उन्हें 20 अप्रैल को बुलाना था। गुरुवार को जालंधर में सरकार के खिलाफ बोलने के कुछ घंटे बाद ही उन्हें शुक्रवार के लिए नोटिस जारी कर दिया गया। आज पूरे देश में छुट्टी है। बाबा साहेब आंबेडकर की जयंती है। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार दलित (उनका) उत्पीड़न कर रही है। खालसा स्थापना दिवस पर छुट्टी के बावजूद उन्हें बुलाया गया। आज सारे दफ्तरों में छुट्टी है। आज विजिलेंस का दफ्तर खोला गया। यह पंजाब सरकार की राजनीतिक द्वेष भावना को दर्शाता है।

पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा तथा पार्टी प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि समूची कांग्रेस चन्नी के साथ खड़ी है। चन्नी महज 110 दिन पंजाब के मुख्यमंत्री रहे हैं। सरकार जानबूझ कर दलित नेता को प्रताड़ित कर रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com