2047 के पहले ही विकसित देशों में शामिल हो जाएगा भारत : मुख्य सचिव

बलिया। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि भारत 2047 तक विकसित देशों में शामिल हो जाए। लेकिन मेरा पूर्ण विश्वास है कि देश इससे पहले ही विकसित देशों में शामिल हो जाएगा। प्रदेश के मुख्य सचिव शनिवार को इब्राहिमपट्टी स्थित जननायक चंद्रशेखर कैंसर इंस्टीट्यूट का निरीक्षण करने पहुंचे थे।

उन्होंने कहा कि देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश का विकास होगा तो प्रदेश का विकास होगा, प्रदेश का विकास होगा तो जनपद और गांव का विकास होगा। मुख्य सचिव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने इस इंस्टीट्यूट के निर्माण का सपना देखा था लेकिन उनका सपना उनके जीवित रहते नहीं पूरा हो पाया। शायद अस्पताल अमृत महोत्सव काल का इंतजार कर रहा था। अब इंस्टीट्यूट पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है। जिसमें पांच महीने के अंदर ग्यारह हजार लोगों का इलाज हो चुका है। साथ ही यहां कैंसर पीड़ितों का भी इलाज चल रहा है।

20 हजार किलो लीटर के ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन

जननायक चंद्रशेखर कैंसर इंस्टिट्यूट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी कक्षों में जाकर मरीजों से बातचीत की और उन्हें दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने इंस्टिट्यूट के निदेशक डा. संजय को इस कार्य के लिए बधाई दी कि बहुत कम समय में उन्होंने अस्पताल को बहुत बेहतर बनाया है। इसके बाद मुख्य सचिव ने अस्पताल के कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। जिसमें कल्याण सिंह सुपर स्पेशलिस्ट कैंसर इंस्टिट्यूट के डा. आरके धीमन और जननायक चंद्रशेखर कैंसर इंस्टिट्यूट के डॉक्टर संजय के बीच एक अनुबंध पर समझौता हुआ। मुख्य सचिव ने परिवहन मंत्री के साथ बीस हजार किलो लीटर के ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन भी किया।

विवि और स्पोर्ट्स कॉलेज को भी गोद लें मुख्य सचिव : नीरज शेखर

पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर के पुत्र और राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने मुख्य सचिव को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि उनके पिता जी का सपना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य सचिव के योगदान से पूरा हुआ है। इसके लिए उनका जीवन भर आभारी रहूंगा। उन्होंने जिलाधिकारी को भी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। श्री शेखर ने कहा कि मुख्य सचिव इस अस्पताल के साथ जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय और स्पोर्ट कॉलेज को भी गोद लें। जिससे कि हमारे युवाओं को शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों मिल सके।

मिनी पीजीआई बनेगा जननायक कैंसर इंस्टीट्यूट : दयाशंकर सिंह

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर ने बलिया का नाम पूरे विश्व में पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री के सहयोग से पूर्वांचल का विकास किया है। इसका आगाज हो चुका है इस अस्पताल के निर्माण हो जाने से न केवल बलिया बल्कि आसपास के सभी क्षेत्र के लोगों को चिकित्सा सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर आजमगढ़ मंडल के मंडलायुक्त मनीष चौहान, जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक राजकरण नैयर, जिलाधिकारी मऊ अरुण कुमार उपस्थित थे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com