सूडान में संघर्ष जारी, 24 घंटे के संघर्ष विराम समझौते का नहीं दिखा असर

  • सूड़ान में चल रही लड़ाई में अब तक एक भारतीय सहित 270 की मौत
  • भारतीयों के चिंतित परिजनों ने की सरकार से अपील

खार्तूम/नई दिल्ली। सूडान की राजधानी बुधवार को भी बम धमाकों तथा भारी गोलाबारी से दहलती रही। मंगलवार शाम से 24 घंटे के संघर्ष विराम का पालन होता नहीं दिखा। सूड़ान में शनिवार से शुरू हुई लड़ाई में एक भारतीय सहित कम से कम 270 लोगों की मौत हो चुकी है।

सूडान में प्रतिद्वंदी जनरलों के प्रति वफादार बलों के बीच लगातार पांचवें दिन भी लड़ाई जारी रही। सूडानी सेना और एक प्रतिद्वंद्वी अर्धसैनिक बल मंगलवार शाम से 24 घंटे के संघर्ष विराम के लिए सहमत हुए थे, हालांकि इसका पालन नहीं दिखा। वहीं भीषण लड़ाई के कारण वहां फंसे कई भारतीयों के चिंतित परिजन अपने रिश्तेदारों के बारे में किसी जानकारी की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसके साथ ही चिंतित परिजनों ने सरकार से अपील की है कि संकटग्रस्त अफ्रीकी देश में फंसे लोगों को निकालने की व्यवस्था की जाए।

संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी के अनुसार सूड़ान में सप्ताहांत में शुरू हुई हिंसा में अभी तक एक भारतीय सहित कम से कम 270 लोगों की जान जा चुकी है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई शव सडक़ों पर पड़े हैं। इस लड़ाई में 1,800 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। चश्मदीदों ने बताया कि हिंसा के कारण अपने घरों में कई दिन से कैद सूडान के लोग राहत न मिलने से हताश हो रहे है और अब अपने घरों को छोडक़र भाग रहे हैं।

खार्तूम के कई इलाकों के निवासियों ने बताया कि उन्होंने महिलाओं तथा बच्चों सहित कई लोगों को सामान ले जाते हुए देखा, कुछ पैदल जा रहे थे तो कुछ वाहनों पर। डॉक्टर्स सिंडिकेट की सचिव अतिया अब्दुल्ला अतिया ने कहा, खार्तूम एक डरावना शहर बन गया है।

देश में लगातार गोलाबारी, तोप से हमलों और हवाई हमले ने सूडान की राजधानी खार्तूम और निकटवर्ती ओमडर्मन शहर को हिलाकर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने सैन्य मुख्यालयों तथा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास झड़पें होने की जानकारी दी है। मानवाधिकारों की वकालत करने वाले तहानी अब्बास ने कहा कि रात में छिटपुट गोलाबारी के बाद सुबह संघर्ष बढ़ गया। तहानी सैन्य मुख्यालय के नजदीक ही रहती हैं।

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने सूडान के सशस्त्र बल के प्रमुख जनरल अब्देल फत्ताह बुरहान, अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स के प्रमुख जनरल मोहम्मद हमदान से फोन पर बात की थी। दोनों प्रतिद्वंदियों से मंगलवार शाम से 24 घंटे के संघर्ष विराम के लिए सहमत हुए थे, हालांकि इसका पालन होता नजर नहीं आया।

इस बीच सरकार के सूत्रों ने बुधवार को नई दिल्ली में बताया कि सूडान में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत विभिन्न देशों के साथ समन्वय कर रहा है। इन देशों में अमेरिका, ब्रिटेन और सऊदी अरब शामिल हैं।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सूडान की स्थिति पर सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में अपने समकक्षों से बातचीत की है और भारतीयों की सुरक्षा के लिए आश्वासन मांगा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com