नई दिल्ली। केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पीएमओ, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने टीम इसरो को ‘उत्कृष्ट उपलब्धि’ श्रेणी में वर्ष 2023 के लिए “इंडियन ऑफ द ईयर अवार्ड” प्रदान किया है। पुरस्कार उद्धरण में कहा गया है कि इस पुरस्कार ने अंतरिक्ष अन्वेषण की सीमाओं को आगे बढ़ाने में इसरो द्वारा किए गए उल्लेखनीय योगदान को मान्यता दी है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि चंद्रयान-3 न केवल स्वदेशी था, बल्कि यह लगभग 600 करोड़ रुपये के बजट वाला एक बहुत ही लागत-प्रभावी मिशन था। उन्होंने कहा कि यद्पि देश में प्रतिभा की कभी कमी नहीं थी, लेकिन सक्षम बनाने वाले माहौल की जो कमी थी, उसको प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भरा गया। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पहली बार पूरा देश इसमें तब शामिल हुआ, जब चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर ऐतिहासिक लैंडिंग की।
आईओटीवाई पुरस्कारों के लिए प्रतिष्ठित जूरी पैनल में प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल थीं, जिनमें भारत के पूर्व सॉलिसिटर जनरल हरीश साल्वे, पटकथा लेखक और गीतकार जावेद अख्तर, सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश इंदु मल्होत्रा, भारतीय एथलीट और एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व उपाध्यक्ष अंजू बॉबी जॉर्ज, आरपी संजीव गोयनका समूह के अध्यक्ष संजीव गोयनका और पर्यावरण कार्यकर्ता और वकील अफ़रोज़ शाह शामिल थे।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal