जिसके सांस में दम नहीं, वो क्या काम करेंगे राम काः सीएम योगी

सीकर, 7 अप्रैलः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजस्थान वासियों का आह्वान किया कि चुनाव संपन्न होने के बाद फिर से नई अयोध्या के दर्शन करने आइए। आपको त्रेतायुग जैसी अयोध्या का अनुभव होगा। राम मंदिर के लिए भी हिम्मत चाहिए होती है। जिसके सांस में दम ही नहीं, वो क्या काम करेंगे राम का। महज दो महीने के भीतर अब तक डेढ़ करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिया। यह दर्शाता है कि देश की आस्था को पहले दबाया गया था। हमने कभी भेदभाव नहीं किया। अयोध्या में सिर्फ राम लला का मंदिर ही नहीं बना, बल्कि देश में चार करोड़ गरीबों के मकान भी बने हैं। कांग्रेसी व कम्युनिस्ट कभी भी राम का भव्य मंदिर नहीं बना पाते। यह कहते थे कि राम और कृष्ण हुए ही नहीं। यह लोग हमारी आस्था पर प्रहार और राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करते थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सीकर से भाजपा सांसद व उम्मीदवार सुमेधानंद सरस्वती को मंच से ही जीत के लिए आश्वस्त किया। सीएम योगी के आह्वान पर जनता ने मुहर लगाते हुए तीसरी बार सीकर से भाजपा को जिताने का आश्वासन दिया। सीएम ने कहा कि 18वीं लोकसभा चुनाव परिणाम के लिए हर कोई आश्वस्त है। देश के अंदर एक ही आवाज है- फिर एक बार मोदी सरकार। जब परिणाम पहले से पता है तो पिछले दो चुनावों की जीत को जोड़कर तीसरी बार स्वामी जी को जीत दिलाएं।

यूपी के लोग भूल गए दंगा और कर्फ्यू

सीएम योगी ने कहा कि देश में बदलाव का श्रेय आपको जाता है। वोट जब गलत पार्टी को जाता था तो आतंकवाद, दंगे, कर्फ्यू व निर्दोष मारे जाते थे। बेटियां व व्यापारी असुरक्षित थे। यही वोट जब सही पार्टी को गया तो यूपी में सात वर्ष में दंगा और कर्फ्यू नहीं लगा। वहां लोग कर्फ्यू भूल गए। यूपी में धूमधड़ाके के साथ करोड़ों लोग अब कांवड़ लेकर निकलते हैं। सीएम ने कहा कि हम भेदभाव नहीं करते। श्रीराम जी अयोध्या में विराजमान बाद में हुए, पहले वहां के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया। काशी में संत शिरोमणि रविदास की जन्मभूमि सीरगोवर्धन को भव्य स्वरूप प्रदान किया गया। बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर के पंच तीर्थों का सम्मान-पुनरोद्धार मोदी जी ने किया।

हम अयोध्या में रामलला को विराजमान करते हैं तो आतंकवादियों का राम नाम सत्य भी करते हैं

सीएम योगी ने कहा कि तीन दिन पहले ब्रिटेन के प्रतिष्ठित समाचार पत्र ‘द गार्डियन’ ने एक रिपोर्ट प्रकाशित की कि दो वर्ष के दौरान पाकिस्तान के अंदर 20 दुर्दांत अपराधी मार दिए गए। इसमें भारत की खुफिया एजेंसियों का योगदान हो सकता है। समाचार का स्रोत तो वही बता सकते हैं, लेकिन आतंकवाद समस्या है और इसका समाधान केवल भारत दे रहा है। हम केवल आपसी संबोधन में ही राम-राम नहीं बोलते, अयोध्या में रामलला को विराजमान ही नहीं करते, बल्कि आतंकवादियों का राम नाम सत्य भी करते हैं। यह केवल भारत ही कर सकता है। फर्क यही है कि हम उसको वहीं पहुंचाते हैं, जहां पहुंचना चाहिए और कांग्रेसी उन्हें बिरयानी खिलाते थे।

कांग्रेस समस्या है तो भाजपा समाधान

सीएम ने कहा कि मोदी जब पूरी दुनिया में कहीं भी जाते हैं तो पूरा देश झूम उठता है, यह 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है। सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। भारत की सीमा में घुसने वाले दुश्मन देशों को पता है कि अब लेने के देने पड़ जाएंगे। आतंकवादियों की तरफ से कश्मीर में पत्थऱ फेंकने वाले प्रश्रयदाता भी गायब हो गए। कांग्रेस समस्या देती है। उसके सहयोगी दल समस्या की जड़ हैं, जबकि भाजपा समाधान देती है। मोदी जी ने किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिया है। ट्रेन की बेहतरीन कनेक्टिविटी व वंदे भारत, अमृत भारत, नमो भारत ट्रेनें मोदी जी के नेतृत्व में आ रही हैं।

भक्ति और शक्ति की भूमि राजस्थान में कम्युनिस्टों का क्या काम

सीएम योगी ने कहा कि बंगाल के लोगों ने कम्युनिस्टों को बंगाल की खाड़ी में डुबो दिया है। सीकर शिक्षा की भूमि है। सालासर बालाजी की भूमि है। जीर्ण माता की धरा है, खाटू श्याम बाबा, भैरव जी महराज की पावन धरती है। यहां नाथों के तमाम स्थल मौजूद हैं। यह परम गोभक्त माणा बाबा की पावन धऱा है। देश की स्वाधीनता के लिए लड़ते-लड़ते उनका सिर धड़ से अलग हो गया, फिर भी सैकड़ों आक्रांताओं को ढेर कर वे अपनी शहादत को प्राप्त हुए। देश के अंदर किसी भी राज्य में कम्युनिस्ट नहीं हैं तो फिर राजस्थान जैसी भक्ति व शक्ति की भूमि पर इन लोगों का क्या काम है।

सीकर के माध्यम से राजस्थान में कम्युनिस्टों को मरुस्थल में समाप्त कर दें

सीएम योगी ने कहा कि भारत का केवल एक ही रंग है। उनकी अलग ही पहचान बनती है। स्वामी जी ने पूरा जीवन देश, समाज व सीकर के लिए समर्पित कर दिया। शालीनता व सज्जनता के साथ वे लगातार सेवा कर रहे हैं। ऐसे जनप्रतिनिधि व सांसद मिलना दुर्लभ है। आप सौभाग्यशाली हैं कि आपको स्वामी सुमेधानंद सरस्वती जैसे सांसद मिले हैं। घोषणा होते ही हम मान लिए कि सीकर की सीट भारतीय जनता पार्टी की जी पक्की है। इस जीत के माध्यम से कम्युनिस्टों को हमेशा के लिए मरुस्थल में समाप्त कर दीजिए, जिससे भारत के मूल्यों, आदर्शों व भारतीयता का विरोध करने वाले की यहां आने की हिम्मत न हो पाए।

इस अवसर पर सीकर से सांसद व भाजपा प्रत्याशी स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. कमल सीकवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया, विधायक सुभाष मील, गोवर्धन वर्मा आदि मौजूद रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com