विकास नहीं, बकवास करके नौजवानों के वोट हासिल करना चाहती है भाजपा : अखिलेश

दमोह (मध्य प्रदेश) के पथरिया विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में सपा मुखिया अखिलेश का स्वागत करते कार्यकर्ता

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश के जिला दमोह (मध्य प्रदेश) में पथरिया विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने किसानों, गरीबों, नौजवानों सहित सभी वर्गों को धोखा दिया है। वह विकास करके नहीं, बकवास करके जनता का वोट लेना चाहती है। भाजपा जातियों में नफरत पैदा करके और धर्म के बीच खाईं पैदा करके वोट लेना चाहती है। हम मध्य प्रदेश में धोखेबाजों से जनता को सावधान करने आए हैं। श्री यादव ने कहा कि भाजपा की सरकारों ने जनता के हित में कोई काम नहीं किया है। भाजपा सबसे बड़ी झूठी पार्टी है, यह उद्योगपतियों और पूंजीपतियों की पार्टी है, उसने देश को बर्बाद कर दिया है। किसान आत्महत्या कर रहा है और नौजवान बेरोजगार भटक रहा है। कानून व्यवस्था सबसे ज्यादा खराब है। यह ऐसी पार्टी है जो शौचालय के निर्माण में भी भ्रष्टाचार कर रही है।

श्रीयादव ने पूछा, 15 सालों से सत्ता पर काबिज भाजपा सरकार क्या कर रही है? इतने सालों की सरकार में भाजपा मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में एक भी एक्सप्रेस-वे नहीं बना पाए, जिस पर लड़ाकू विमान उतारा जा सके। उत्तर प्रदेश में तो समाजवादी सरकार के समय ऐसा आगरा- लखनऊ एक्सप्रेस-वे बना दिया जिस पर जरूरत पड़ने पर लड़ाकू विमान भी उतारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में जनता को धोखा देने के लिए भाजपा ‘दृष्टि पत्र‘ लाई लेकिन अपना सन् 2014 का ‘संकल्प पत्र‘ भूल गई है। बताओं अभी तक कितनी स्मार्टसिटी बन गई हैं? श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा ने साथ में मिलकर देश को पीछे ले जाने का काम किया है। देश के बैंकों का पैसा उद्योग पतियों को कांग्रेस और भाजपा ने दिया। राफेल जहाज में पहले कांग्रेस ने खेल किया अब भाजपा कर रही है। भाजपा देश में सबसे बड़ी जातिवादी पार्टी है। जब इनके पास मुद्दों के सवालों का जवाब नहीं होता तो ये धार्मिक मुद्दा उठा लेते हैं। इस बार इनके लिए हमने उत्तर प्रदेश में गठबंधन का रास्ता निकाला है। ऐसा इंतजाम किया कि भाजपा के यूपी में सीएम और डिप्टी सीएम दोनों अपने ही घरों में हार गए।

श्री यादव ने कहा कि ये बुलेट ट्रेन चलाना चाहते हैं, हम कहते है कि सीमा पर जवानों को बुलटफ्रूफ जैकेट दे दो। जब तक हमारा किसान और खेत स्मार्ट नहीं होगा देश स्मार्ट नहीं होगा। उन्होंने पूछा क्या किसान की आय दुगनी हुई है? मध्य प्रदेश में ग्राम पंचायत के कर्मचारियों को सामान्य वेतन, शिक्षकों, आंगनबाड़ी महिलाओं, आशा बहुओं को एक जैसा वेतन नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी 01लाख 20 हजार में घर देने की बात करते हैं। इतने में घर कहां बनेगा? समाजवादी सरकार में 5 लाख रूपए मिलेंगे। हमारी मांग है कि आबादी के हिसाब से गिनती हो ताकि सबको बराबरी का हक़ और सम्मान मिल सके। श्री यादव ने कहा कि अगर दुनिया के देशों से तुलना किया जाए तो हमारा देश बहुत से मामलों में पीछे चला गया है। इसे आगे ले जाने के लिए साइकिल का तेज चलना बहुत जरूरी है। रोटी जैसे उलटपुलट कर सेंकी जाती है वैसे ही अब सरकार को भी बदलना होगा। परिवर्तन लाने का काम समाजवादी पार्टी ही कर सकती है, भाजपा नहीं। श्री अखिलेश यादव ने समाजवादी प्रत्याशी अनुराग वर्धन सिंह को जिताने की अपील की। अखिलेश ने अपराह्न जिला पन्ना के पवई में प्रत्याशी कुंवर भुवन विक्रम सिंह के पक्ष में भी चुनावसभा को सम्बोधित किया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com