काठमांडू : अमेरिका ने नेपाल का स्पेशल स्टेटस ( विशेष संरक्षित सुविधा) रद्द करने की घोषणा की है। अमेरिका में इस सुविधा का उपयोग कर रह रहे 7000 से अधिक नेपाली नागरिकों को अमेरिका छोड़ कर जाने को कहा गया है। अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट ने नेपाल को अब तक दिए जाने वाले टेंपररी प्रोटेक्टेड स्टेट्स को रद्द कर दिया है। इससे अमेरिका में रहने वाले 7,000 से अधिक नेपाली नागरिक प्रभावित हुए हैं।
फेडरल रजिस्टर में शुक्रवार को प्रकाशित एक नोटिस के मुताबिक डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी की सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने नेपाल को अब तक दिए जाने वाले टेंपररी प्रोटेक्टेड स्टेट्स को रद्द करते हुए कहा है कि नेपाल अब इसके मापदंडों पर खरा नहीं उतरता है। नेपाल के लिए यह सुविधा औपचारिक रूप से नोटिस के प्रकाशन के ठीक 60 दिन बाद यानी 5 अगस्त, 2025 को देर रात 11:59 बजे समाप्त होगी।
डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी ने इस सुविधा के तहत अमेरिका में रहने वाले नेपाली नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि उनके पास अमेरिका में रहने के लिए कोई अन्य कानूनी आप्रवासन कागजात या कोई अन्य वैध आधार नहीं है तो वे नेपाल लौटने की तैयारी शुरू कर दें।
अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में डोनाल्ड ट्रंप की सत्ता में वापसी होने के साथ ही अवैध रूप से रह रहे एक हजार से अधिक नेपाली नागरिकों को अब तक डिपोर्ट किया जा चुका है। अमेरिकी गृह प्रशासन ने कहा कि इस फैसले के बाद जो लोग देश छोड़ने का इरादा रखते हैं वे अपने प्रस्थान को सुविधाजनक बनाने के लिए सीबीपी वन मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग कर सकते हैं। अमेरिकी प्रशासन ने नेपाल में 2015 को आए विनाशकारी भूकंप के बाद घरबार विहीन नागरिकों को अमेरिका में बसाने के लिए पहली बार नेपाल को यह स्टेटस प्रदान किया था।
 Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal
				 
						
					 
						
					