नई दिल्ली : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रविवार को इंफाल हवाई अड्डे से अरेम्बाई तेंगगोल (एटी) संगठन के एक सदस्य कानन सिंह को गिरफ्तार किया है। कानन सिंह मणिपुर में 2023 में हुई हिंसा से संबंधित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में शामिल था। सीबीआई ने उसकी गिरफ्तारी की जानकारी उसके परिजनों को दे दी है।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार मणिपुर हिंसा की जांच सीबीआई कर रही है। कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए मणिपुर हिंसा से जुड़े मामलों की सुनवाई मणिपुर से स्थानांतरित कर गुवाहाटी कर दी गई है।
अरेम्बाई (एक पारंपरिक मैतेई हथियार) तेंगगोल(समूह) मैतेई युवाओं का संगठन है। 2023 की जातीय हिंसा के दौरान इस पर कई हिंसक गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप लगे हैं।
सीबीआई के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद कानन सिंह को इंफाल से गुवाहाटी लाया गया है। उसे जल्द ही सक्षम न्यायालय के समक्ष पुलिस रिमांड के लिए पेश किया जाएगा।
सीबीआई ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी भी जारी है। मणिपुर हिंसा को लेकर पहले भी कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। अरेम्बाई तेंगगोल संगठन का नाम पहले भी हिंसा से जुड़ी घटनाओं में आया है।
इस गिरफ्तारी से मणिपुर हिंसा से जुड़े मामलों की जांच को गति मिलने की उम्मीद है। इससे जुड़े अन्य आरोपितों की भी तलाश की जा रही है।