शीला दीक्षित ने सभांली दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की कमान

नई दिल्ली : दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने बुधवार को अपने तीन सहयोगियों के साथ दिल्ली कांग्रेस की कमान संभाल ली है। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता व वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। साथ ही इस कार्यक्रम में जगदीश टाइटलर भी नजर आए। कार्यक्रम में सुबह से ही कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे हुए थे। दिल्ली प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष अजय माकन सुबह शीला दीक्षित के घर पहुंचे और वहां से उनको लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय आए। यहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि दिल्ली सहित पूरा देश कांग्रेसमय हो रहा है। माकन ने कहा कि तीन राज्यों के चुनाव परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आए हैं। इससे देश ने अपना रुख साफ कर दिया है। दिल्ली भी वर्तमान की दोनों सरकारों को नकारने वाली है। इसके लिए शीला दीक्षित के मार्गदर्शन में दिल्ली कांग्रेस इस लक्ष्य को प्राप्त करेगी।

पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार ने सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली व केंद्र की सरकार दोनों समाज को तोड़ने का काम कर रही हैं। ऐसे में कांग्रेस की जिम्मेदारी है कि इन दोनों को सत्ता से हटाएं और दिल्ली सहित देश को दिशा दें। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जनार्दन द्विवेदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के लिए शीला दीक्षित बहुत शुभ हैं। उन्होंने 15 वर्षों तक दिल्ली का मार्गदर्शन किया है। इस बार फिर दिल्ली उनको पुकार रही है। दीक्षित की अगुआई में दिल्ली में कांग्रेस फिर से काबिज होगी। कार्यक्रम के अंतिम वक्ता के रूप में शीला दीक्षित ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि वो वक्त आ गया है जब दिल्ली सहित देश में कांग्रेस उस मुकाम तक पहुंचेगी, जहां सिर्फ कांग्रेस ही कांग्रेस दिखे। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सारी सीटों को जीत कर कांग्रेस की झोली में डालना है। वो इसी उद्देश्य के साथ काम करेंगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com