अखिलेश बोले, भाजपा सरकार लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा

कहा- सपा-बसपा गठबंधन से भाजपा की विदाई तय

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि सपा-बसपा गठबंधन होने से भाजपा की दिल्ली से विदाई तय है। भाजपा सरकार देश के लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। अखिलेश ने गुरुवार को बयान में कहा कि सपा ने उत्तर प्रदेश में बसपा के साथ गठबंधन कर भाजपा के सामने मजबूत चट्टान खड़ी कर दी है। प्रदेश के रास्ते से ही चलकर दिल्ली का दरवाजा खुलता है, इसलिए उत्तर प्रदेश की भूमिका आगामी लोकसभा चुनावों में निर्णायक रहेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन की मजबूती के चलते भाजपा को एक सीट भी जीत पाना मुश्किल होगा। 16वीं लोकसभा के अवसान के साथ भाजपा के अवसान की इबारत लिखी जा चुकी है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार केन्द्र की हो या राज्य की, लगातार विपक्ष के नेताओं के प्रति विद्वेषपूर्ण कार्रवाई कर रही है। समाजवादी पार्टी के नेताओं के खिलाफ संगीन धाराओं में फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए हैं। छात्रों-नौजवानों से तो भाजपा इतनी डरी हुई है कि मेरी इलाहाबाद विश्वविद्यालय की यात्रा से ही परेशानी होने लगी। राज्य सरकार ने मान लिया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना उसके बस की बात नहीं। हद तो तब हो गयी जब छात्र-छात्राओं को सिर्फ काला झण्डा दिखाने भर से ही गम्भीर धाराओं में जेल में डाल दिया जाता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com