सेना की बहादुरी पर भाजपा कर रही सियासत : कांग्रेस

नई दिल्ली : कांग्रेस ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) पर सेना को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया और पूछा कि 250 आतंकी मारे जाने का आंकड़ा आखिर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह कहां से लाए हैं। कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रवक्ता आरपीएन सिंह ने कहा कि भाजपा यह मानती है कि उसका झूठ सबसे मजबूत है लेकिन जनता सब समझ रही है। भाजपा अध्यक्ष व भाजपा नेता कांग्रेस को सेना के राजनीतिकरण का दोषी ठहरा रहे हैं। प्रधानमंत्री तक ऐसा ही दुष्प्रचार कर रहे हैं। पुलवामा जैसी दुखद घटना के बाद कांग्रेस ने कभी भी राजनीतिक बयान नहीं दिया। पार्टी वायुसेना और जवानों के साहस की हमेशा कायल रही है। पाकिस्तान को जिस तरह का जवाब दिया गया जवानों के ऐसे वीरतापूर्ण कार्य के लिए उनकी प्रशंसा में शब्द भी कम पड़ जाएंगे।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा स्वयं इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रही है। भाजपा अध्यक्ष कह रहे हैं कि वायुसेना के हमले में 250 लोग मारे गए हैं। पार्टी उनसे पूछना चाहती है कि वह यह आंकड़े कहां से लाए हैं। वायुसेना अध्यक्ष एयर मार्शल बीएस धनोआ ने कहा कि हमारा काम केवल बम गिराना है, कितने मारे गए यह बताना सरकार का काम है। वहीं सरकार इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है। आरपीएन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का बयान, देश के पास अगर राफेल होता तो स्थिति और होती, राफेल पर उन्हें हो रहे कष्ट के चलते याद आ रहा है। उन्होंने असल में वायुसेना के जवानों की वीरता पर सवाल उठाए हैं। उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com