2017 में ईद पर 23 जून को सलमान की फ़िल्म ‘ट्यूबलाइट’ रिलीज़ हुई थी। इस प्रयोगधर्मी फ़िल्म में सलमान ख़ान ने एक मासूम शख़्स का किरदार निभाया था, जो सलमान की ऑनस्क्रीन इमेज के बिल्कुल उलट है। ‘ट्यूबलाइट’ को वो रिस्पांस नहीं मिला, जिसकी सलमान की फ़िल्मों से उम्मीद रहती है। फिर भी ‘ट्यूबलाइट’ ने 121 करोड़ के आस-पास जमा कर लिये। ट्रेड ने इस कलेक्शन को औसत कहा, मगर सलमान बार-बार ‘ट्यूबलाइट’ को सक्सेसफुल कहते रहे हैं। 2016 में सलमान ख़ान की फ़िल्म ‘सुल्तान’ रिलीज़ हुई। अली अब्बास ज़फ़र डायरेक्टेड फ़िल्म में सलमान पहलवान बने। फ़िल्म ने 300 करोड़ से ज़्यादा कलेक्शन घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर किया। अनुष्का शर्मा फ़िल्म में पहली बार सलमान के अपोज़िट नज़र आयी थीं।

2015 की ईद पर सलमान ‘बजरंगी भाईजान’ बने। इस फ़िल्म को कबीर ख़ान ने ही डायरेक्ट किया था। फ़िल्म एक ऐसी बच्ची के इर्द-घूमती है, जो पाकिस्तानी है और भूलवश भारत में रह जाती है। सलमान उसे छोड़ने पाकिस्तान जाते हैं। सलमान का ये बजरंगी वाला अंदाज़ भी फ़ैंस को पसंद आया और भाईजान 321 करोड़ लेकर घर गए। 2014 में प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला ने अपने करियर को ज़ोरदार ‘किक’ दी और डायरेक्टर बन गए। सलमान ने फ़िल्म में रॉबिनहुड टाइप का किरदार निभाया। भाई का ये अंदाज़ भी फ़ैंस को ख़ूब पसंद आया और 232 करोड़ ‘किक’ को मिले।

2012 की ईद पर सलमान पहली बार इंटेलीजेंस एजेंट टाइगर पर पर्दे पर आये। कबीर ख़ान डायरेक्टेड फ़िल्म में कटरीना कैफ़ उनकी लीडिंग लेडी थीं। ‘एक था टाइगर’ के ज़रिए सलमान के फैंस ने 199 करोड़ की ईदी दी। 2011 की ईद पर सलमान की ‘बॉडीगार्ड’ रिलीज़ हुई। इस फ़िल्म को साउथ सिनेमा के डायरेक्टर सिद्दीक़ ने डायरेक्ट किया था। करीना कपूर फ़िल्म की लीडिंग लेडी थीं। फ़िल्म ने 149 करोड़ घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर जमा किये। 2010 में सलमान ख़ान ‘दबंग’ इंस्पेक्टर चुलबुल पांडे बनकर हिंदी सिनेमा के पर्दे पर नज़र आए। फ़ैंस ने उनका दिल खोलकर स्वागत किया और अभिनव कश्यप को 140 करोड़ का डायरेक्टोरियल डेब्यू मिला।

वैसे ईद पर सलमान के इस शानदार सफ़र की शुरुआत 2009 में आई ‘वांटेड’ से हुई थी। तब तक सलमान को भी नहीं पता था कि ईद का त्योहार उनके करियर के लिए इतना अहम होने वाला है। प्रोडक्शन में देरी होने की वजह से ‘वांटेड’ 2009 की ईद पर रिलीज़ हुई थी। फ़िल्म ने 60 करोड़ जमा किए थे और ज़बर्दस्त हिट रही थी। आएशा टाकिया सलमान की लीडिंग लेडी बनीं। इस फ़िल्म से प्रभु देवा ने हिंदी सिनेमा में बतौर डायरेक्टर डेब्यू किया था और सलमान को असफलता के दौर से बाहर निकाला। ‘वांटेड’ से पहले सलमान की ‘गॉड तुसी ग्रेट हो’, ‘हीरोज़’ और ‘युवराज’ फ्लॉप रही थीं।

रेस 3 इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फ़िल्म है। रेमो डिसूज़ा ने इसे निर्देशित किया है। सलमान ख़ान के आने से रेस 3 इस फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी फ़िल्म बन गई है। सलमान के साथ बॉबी देओल, अनिल कपूर, साकिब सलीम, जैकलीन फ़र्नांडिस और डेज़ी शाह मुख्य स्टार कास्ट का हिस्सा हैं। देखते हैं, दर्शक इस बार सलमान को कितने करोड़ की ईदी देते हैं।