मुंबई से फरार दुराचार का आरोपी एयरपोर्ट से धराया

लखनऊ। मुंबई से दुराचार के मामले में फरार चल रहे एक युवक को मुम्बई पुलिस ने रविवार को अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से धर दबोचा। बाद में एयरपोर्ट प्रशासन के साथ कार्रवाई करने के बाद मुम्बई पुलिस उसे अपने साथ लेकर चली गई। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक आजमगढ़ जिले का मूल निवासी मो. उबैद गत दिनों मुम्बई मे रहकर वहीं मजदूरी करता था। मुम्बई पुलिस के मुताबिक, उबैद ने मुंबई मे रहने के दौरान एक युवती के साथ जबरन दुराचार की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस उसे पकड़ पाती इससे पहले ही वह मुंबई से फरार हो गया। मुंबई पुलिस ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि उसे मुखबिर से सूचना मिली कि घटना अंजाम देने के बाद उबैद सऊदी अरब भाग गया और वहीं रहकर काम करने लगा। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी उबैद रविवार को सऊदी से विमान के जरिए लखनऊ वापस लौट रहा है। मुखबिर से सूचना पाकर पहुंची मुंबई पुलिस ने अमौसी एयरपोर्ट पर उबैद को धर दबोचा। बाद में मुंबई पुलिस उसे हिरासत में लेकर मुंबई चली गई।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com