व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करने को सरकार तत्पर : योगी

यूपी व्यापारी कल्याण बोर्ड की बैठक पर प्रस्तुतिकरण

लखनऊ : प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों की सभी तर्कसंगत समस्याओं का समाधान करने के लिए तत्पर है। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सकारात्मक माहौल तैयार किया गया है, जिसके सुपरिणाम मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह विचार आज यहां लोक भवन में उ0प्र0 व्यापारी कल्याण बोर्ड की विगत जून माह की बैठक के सम्बन्ध में वाणिज्य कर विभाग द्वारा किए गए प्रस्तुतिकरण के अवलोकन के दौरान व्यक्त किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारियों की सुविधा के लिए राज्य सरकार आॅनलाइन शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था भी करेगी। यदि व्यापारियों को कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी अनावश्यक परेशान करता है, तो व्यापारीगण साक्ष्य के साथ अपनी शिकायत दर्ज कराएं, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। व्यापारी कल्याण बोर्ड का उद्देश्य ही व्यापारियों का कल्याण करना है।

व्यापारियों से लूटपाट इत्यादि की घटनाओं के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री ने कहा कि बाजारों, दुकानों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर सी0सी0टी0वी0 की प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि घटना घटित होने पर अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि तकनीकी के इस्तेमाल से विभिन्न समस्याओं का समाधान भी किया जा सकता है और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा भी दिया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान उ0प्र0 व्यापारी कल्याण बोर्ड के पदाधिकारियों को उत्तर प्रदेश के चारों क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यापारियों की समस्याओं को सुनते हुए, उनका समाधान करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के सम्बन्ध में सम्बन्धित जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक से मिलकर समाधान निकाला जाए। उन्होंने उ0प्र0 व्यापारी कल्याण बोर्ड के पदाधिकारियों को व्यापारियों को अपनी व्यापारिक गतिविधियां नियम-कानून के अनुसार संचालित करने के लिए प्रेरित करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जी0एस0टी0 व्यवस्था के अन्तर्गत सभी औपचारिकताओं का अनुपालन व्यापारियों द्वारा किया जाना चाहिए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com