हमीरपुर उपचुनाव : स्वतंत्रदेव सिंह के सामने दावेदारी को लेकर भाजपा नेताओं ने दिखाई ताकत

हमीरपुर : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के हमीरपुर आने पर विधानसभा उपचुनाव लड़ने के लिये टिकट मांगने वालों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ सड़कों पर स्वागत के बहाने शक्ति प्रदर्शन किया। सांसद पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल और भाजपा नेता राजीव शुक्ला भी प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिये सड़क किनारे काफी देर तक खड़े देखे गये। सदर विधानसभा के उपचुनाव में लागू आदर्श आचार संहिता भी हवा में तैरती नजर आयी। कई घंटे तक नगर के कई स्थानों पर जाम लगा रहा। एम्बुलेंस भी जाम में फंसी रही।

हमीरपुर सदर विधानसभा के उपचुनाव को लेकर उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा और मंथन करने के लिये शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह हमीरपुर आये। उनके आने के पहले ही भाजपा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपने-अपने गुटों के साथ यमुना पुल पार दुर्गा मंदिर मोड़ पहुंचे थे, जबकि राजीव शुक्ला, सांसद पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल, पूर्व विधायक युवराज सिंह, क्षेत्रीय विधायक मनीषा अनुरागी, संध्या सिंह, कल्लू सिंह व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बाबूराम निषाद सहित अन्य तमाम नेता हमीरपुर शहर में अलग-अलग स्थानों पर सड़क किनारे प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करने के लिये इंतजार करते देखे गये।

पुलिस के बैरियर से प्रवेश करते हुये प्रदेश अध्यक्ष का काफिला जैसे ही पुलिस लाइन के पास आया तो यहां बैरियर पर मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने काफिले को पहले रोका फिर सभी को अंदर जाने दिया। यमुना पुल से लेकर जिला पंचायत परिसर तक कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष के समर्थन में नारेबाजी करते रहें। इस दौरान भगवा ध्वज भी लहराये गये। बताते हैं कि जिला पंचायत के झलकारी बाई सभागार में बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष एक गेस्टहाउस पहुंचे और बैठक में ली। दो स्थानों पर कार्यक्रम को लेकर कई घंटे तक नगर में जाम लगा रहा। बता दें कि सदर विधानसभा के उपचुनाव 23 सितम्बर को होने हैं। उपचुनाव में भाजपा से चुनाव लडऩे वाले दर्जनों नेताओं ने अपने अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन किया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com