महाराष्ट्र में बड़ा हादसा : बॉयलर विस्फोट में 13 लोगों की मौत 38 घायल

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पांच-पांच लाख रुपये की मदद की घोषणा की

मुंबई : धुले जिले के शिरपुर शहर में बाधाड़ी गांव में रुपित रसायन कंपनी में शनिवार को हुए बॉयलर विस्फोट में 13 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। इस घटना में घायल 38 लोगों का जिला अस्पताल में उपचार हो रहा है। इनमें से नौ घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। इसके अलावा अभी 12 लोग लापता बताए जा रहे हैं। इस हादसे में मृतकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। पुलिस ने गांव को खाली करवा लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये आर्थिक मदद की घोषणा की और घटना पर शाेक व्यक्त किया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री को फोन कर घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। सूबे के राज्यपाल सी विद्यासागर राव ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया है।

धुले जिले के शिरपुर शहर के पास बाघाड़ी गांव में स्थित रुपित रसायन कंपनी में शनिवार को सुबह नौ बजे अचानक बाॅयलर में विस्फोट हो गया था। विस्फोट इतना भयंकर था कि कंपनी के परखच्चे उड़ गए। विस्फोट के बाद कंपनी में आग लग गई थी।अब तक इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो चुकी है और 38 घायलों में से नौ की हालत बहुत ही गंभीर है। जबकि अभी 12 लोग लापता बताए जा रहे हैं। इस घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर राज्य आपदा राहत टीम व फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया था। बताया गया कि इस कंपनी में 250 मजदूर तीन शिफ्ट में काम करते थे और कंपनी में ही रहते थे।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने कंपनी के 100 से अधिक मजदूरों को सुरक्षित स्थल पर पहुंचा दिया गया था। यहां कंपनी में अन्य बॉयलरों में भी से गैस का रिसाव हो रहा है, इसलिए जिला प्रशासन ने पूरा गांव खाली करवा दिया है। स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर जांच कर रही है। इस घटना की जांच के लिए एटीएस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची है, लेकिन अभी तक विस्फोट के बारे में किसी भी तरह की जानकारी नहीं मिल सकी है। अब तक मीना बाई जीतेंद्र पावरा, रोशनी पावरा, सुबीबाJई रमेश पावरा, पंजाबाई विशाल पावरा व रमेश सजन कोली के शव के ही पहचान हो सकी है। स्थानीय पुलिस यहां अन्य शव की पहचान का प्रयास कर रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com