भाजपा का मुलायम पर निशाना, कहा आजम के लिए ढाल न बनें नेताजी!

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव पर पलटवार करते हुए कहा है कि जमीन लूट मामले में वे मो. आजम खां के लिए ढाल न बनें। भाजपा का कहना है कि योगी सरकार में कानून का राज चल रहा है। ऐसे में जिसने भी गलत काम किया है, वह कानून से बच नहीं पायेगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को समाजवादी पार्टी (सपा) का वरिष्ठतम नेता बताते हुए आज यहां कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव अपनी सरकार के दौरान आजम खां द्वारा की गई जमीनों की लूट को सही ठहराने के लिए मुलायम सिंह यादव को ढाल के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।

स्वतंत्र देव ने कहा कि आज लम्बे अरसे बाद जिस तरह से सपा कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने प्रेसवार्ता करके आजम खां का बचाव किया, उससे साबित होता है कि अखिलेश सरकार में आजम खां ने अपने ओहदे का फायदा उठाते हुए तमाम घोटालों को अंजाम दिया। अब हो रही जांचों में घपले घोटाले सामने आ रहे हैें तो मुलायम सिंह यादव को आगे रखकर खुद को बेगुनाह साबित करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने भी हाल ही में एक पत्रकार वार्ता बुलाकर आजम खां द्वारा किये गए कब्जों को सही साबित करने के लिए कई तर्क दिए थे।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की लगातार अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि यह जगजाहिर है कि मुलायम सिंह ने अपने पुत्र मोह में अखिलेश यादव को विरासत के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी सौपीं। बदले में अखिलेश यादव ने अपने पिता को ही सपा प्रमुख के पद से न सिर्फ हटाया बल्कि लगातार उनके आदेशों की अवहेलना की और कई बार सपा के भीतर ही मुलायम सिंह जैसे वरिष्ठ नेता को अपमान का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि स्वयं मुलायम सिंह यादव ने भी कई बार सार्वजनिक मंचों से इस संबंध में अपना दर्द बयां किया था।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री व सपा प्रमुख अखिलेश यादव के शासन काल में पूरे प्रदेश में जमीनों पर कब्जे कर सपा से जुड़े लोगों ने इसे एक उद्योग का रूप दे दिया था। तत्कालीन सपा सरकार के संरक्षण में पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर सरकारी जमीनों के साथ-साथ कमजोर लोगों की जमीनों पर भी कब्जे हुए, जिनकी कई बार शिकायत होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद ऐसी शिकायतों को संज्ञान में लेकर जब जांच शुरू हुई तो तमाम भूमाफिया जांच के घेरे में आने लगे।

उन्होंने कहा कि सरकार सभी भूमाफियाओं के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। रामपुर में आजम खां के खिलाफ भी इसी तरह के कई प्रकरणों में जांच के बाद कार्रवाई हो रही है तो अखिलेश यादव बेचैन हो रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष का कहना है कि यदि आजम खां ने कुछ गलत किया ही नहीं है तो वह डर क्यों रहे हैं? प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही सरकार सबका साथ सबका विकास के सिद्धान्त पर काम कर रही है। प्रदेश में बिना भेद-भाव के काम हो रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com