आनंदीबेन ने छात्रों को दी नसीहत, स्वस्थ रहने के लिए करें फास्ट फूड से परहेज

21 मेधावियों को गोल्ड मैडल तथा 45 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी

अयोध्या : आचार्य नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय के 21वें दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन ने बुधवार को समारोह का उद्घाटन दीप प्रज्वलित करके किया। उन्होंने अपने सम्बोधन में अच्छी सेहत के बारे में बताते हुए कहा कि गृह विज्ञान के सिलेबस में होना चाहिए कि घर में पोषण युक्त भोजन बनाया जाये। बच्चे क्या खाना खाएं, घर के बुजुर्ग क्या खाना खाएं। अगर आपको स्वस्थ रहना है तो पानी-पूरी और चाट पकौड़े से परहेज करना पड़ेगा। पशुपालन को बढ़ावा देना होगा। घरों में दूध का उत्पादन करना होगा। पहले घरों में दूध का उत्पादन होता था। लोग दूध, दही, घी और मक्खन का प्रतिदिन सेवन करते थे और स्वस्थ रहते थे। आज दूध डेयरी में जा रहा है और लोग फास्टफूड का सेवन कर रहे हैं।

राज्यपाल ने कहा कि आज हमे सभी को स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। जिससे तमाम गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। शुरुआत में जब प्रधानमंत्री झाड़ू लेकर के सफाई अभियान की शुरुआत की थी लोग व्यंग करते थे, लेकिन उसके अब अच्छे परिणाम मिलने लगे हैं। देश को प्लास्टिक मुक्त बनाना पड़ेगा, तभी हम सबका स्वस्थ भारत बन पाएगा। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में 21 मेधावियों को गोल्ड मेडल प्रदान किए तथा 45 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com