अटलजी ने झारखंड को बनाया तो पीएम मोदी ने इसे संवारा : अमित शाह

जामताड़ा में शाह ने किया जोहार जनआशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ

रांची : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के लिए भाजपा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार बिल लेकर आई तो कांग्रेस और झामुमो ने इसके खिलाफ वोट किया। हम सर्जिकल स्ट्राइक करते हैं, एयर स्ट्राइक करते हैं तो कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी विरोध करते हैं और प्रमाण मांगते हैं। कश्मीर के मुद्दे पर हमारा स्टैंड 1950 से स्पष्ट है कि अनुच्छेद 370 देश के लिए घातक है। इसीलिए मोदी सरकार ने इसे हटाया। मैं राहुल गांधी से कहता हूं कि हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड में जब भी वे वोट मांगने जाएं तो अनुच्छेद 370 पर अपना पक्ष जरूर रखें।

शाह बुधवार को जामताड़ा में जोहार जन आशीर्वाद यात्रा शुरू कराने के बाद महती जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रघुवर दास और अर्जुन मुंडा यात्रा को लेकर निकल रहे हैं। यात्रा तीन चरण में झारखंड के हर विधानसभा क्षेत्र में घूम कर एक बार फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाकर रांची पहुंचेगी। सालों से मांग थी कि झारखंड अलग राज्य बने, विकसित राज्य बने, लेकिन कांग्रेस ने कभी झारखंड की मांग को नहीं स्वीकर किया। केंद्र में जब अटलजी के नेतृत्व में सरकार बनी तो उन्होंने इस मांग को पूरा किया। अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड को बनाया था। मैं बेहिचक कहता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड को संवारने और विकसित करने का काम किया है। यह डबल इंजन की सरकार के कारण संभव हुआ, क्योंकि ऊपर मोदीजी की सरकार है और नीचे रघुवर दास की। एक बार फिर डबल इंजन की सरकार बनाइये।

अमित शाह ने कहा कि 2014 में आपने पूर्ण बहुमत की सरकार दी। रघुवर दास के नेतृत्व झारखंड में विकास के कई काम हुए हैं। जनधन खाता, एलईडी लाइट, गैस कनेक्शन, गरीबों को घर, स्वास्थ्य सुविधा, एकलव्य स्कूल, तीरंदाजी स्कूल, एम्स, एयरपोर्ट से संबंधित काम हुए हैं। ये इसलिए हुआ है कि स्थिर सरकार होने की वजह से ये परिवर्तन हुए हैं। झारखंड नक्सलवाद से ग्रसित था, अब झारखंड पूरी तरह से इससे मुक्त होने के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुुर, सह प्रभारी नंद किशोर यादव, भाजपा के राष्ट्रीय अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष रामविचार नेताम, गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे, कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी आदि उपस्थित थे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com