इण्टरनेशनल टीनएजर्स मैथमेटिक्स ओलम्पियाड का आयोजन 13 अक्टूबर से

सीएमएस में आयोजन, जुटेंगे 20 देशों के 700 बाल गणितज्ञ

लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) के तत्वावधान में चार दिवसीय इण्टरनेशनल टीनएजर्स मैथमेटिक्स ओलम्पियाड (आईटीएमओ-2019) का आयोजन 13 से 16 अक्टूबर तक सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में किया जा रहा है, जिसमें विश्व के 20 देशों फिलीपीन्स, दक्षिण अफ्रीका, थाईलैण्ड, नेपाल, यू.ए.ई., बांग्लादेश, भूटान, ताइवान, बोत्सवाना, वियतनाम, मलेशिया, चीन, श्रीलंका, इण्डोनेशिया, रूस, ट्यूनीशिया, बुल्गारिया, तजाकिस्तान, फिनलैण्ड एवं भारत के विभिन्न प्रान्तों से लगभग 700 बाल गणितज्ञ गणित की विभिन्न विधाओं के रहस्य उजागर करने लखनऊ पधार रहे हैं। उक्त जानकारी आज यहाँ आयोजित एक प्रेस कान्फ्रेन्स में आई.टी.एम.ओ.-2019 की संयोजिका एवं सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) की प्रधानाचार्या आभा अनन्त ने पत्रकारों को दी। सम्मेलन में देश-विदेश के प्रख्यात गणितज्ञ भी पधार रहे हैं जो गणित प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निभाने के अलावा देश-विदेश के बाल गणितज्ञों का मार्गदर्शन भी करेंगे।

प्रेस कान्फ्रेन्स में उपस्थित प्रख्यात शिक्षाविद् व सी.एम.एस. संस्थापक डा. जगदीश गाँधी ने कहा कि मानव समाज ने आज जितनी भी प्रगति की है उसमें गणित का अत्यन्त महत्वपूर्ण योगदान रहा है। देश-विदेश के इन बाल गणितज्ञों एक स्थान पर एकत्रित होने से गणित के ज्ञान का अभूतपूर्व आदान-प्रदान होगा, साथ ही उनमें एकता, शान्ति, सौहार्द, सद्भावना आदि जीवन मूल्यों का विकास भी होगा। यही भावना आगे चलकर विश्व एकता एवं विश्व शान्ति की नींव बनेगी। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि आई.टी.एम.ओ.-2019 का उद्घाटन 13 अक्टूबर, सोमवार को सायं 5.00 बजे सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम में सम्पन्न होगा। प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा इस अवसर पर मुख्य अतिथि होंगे। उद्घाटन समारोह के अलावा आई.टी.एम.ओ.-2019 की समस्त प्रतियोगिताएं एवं समापन समारोह सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में आयोजित किये जायेंगे।

 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com