UP : कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ चल रहे अभियानों की समीक्षा की

प्रदेश कार्यालय में बैठक, संगठन पर भी हुई चर्चा

लखनऊ : उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों की शुक्रवार को आयोजित बैठक में प्रदेश में सरकार के खिलाफ चल रहे अभियान और संगठन के गठन पर चर्चा हुई। प्रदेश मुख्यालय में आयोजित इस बैठक में महासचिवों ने अपने जोन और सचिवों ने ब्लॉकवार जिलों की रिपोर्ट सौंपी। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने आर्थिक मंदी, बेरोजगारी और किसानों के सवालों पर चल रहे अभियानों पर गहन चर्चा कर आगे की रणनीति पर चर्चा की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पूरे देश में आर्थिक मंदी, बेरोजगारी और किसान विरोधी भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। दिल्ली में आर्थिक मंदी, किसान दुर्दशा और बेरोजगारी के खिलाफ प्रस्तावित महारैली को सफल करने की रणनीति बनी।

वहीं किसान कांग्रेस की एक अन्य बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं किसानों की ज्वलन्त समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया तथा वर्तमान केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों पर चिन्ता व्यक्त की गयी। किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम पाण्डेय ने बताया कि किसानों की समस्याओं के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने का निर्णय किया गया। उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गांव-गांव किसान चौपाल लगायेंगे।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं फ्रन्टल प्रभारी ललितेशपति त्रिपाठी ने राज्य सरकार की किसानों के प्रति उदासीनता पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि फर्जी आंकड़ों के जरिये सरकार झूठ बोल रही है। किसानों की फसल का क्रय केन्द्रों पर उचित खरीददारी न होने से वे निजी साहूकारों और बिचौलियों को औने-पौने दामों में अपनी उपज को बेचने को मजबूर हैं। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं फ्रन्टल संगठन प्रभारी मनोज यादव ने चीनी मिलों द्वारा गन्ना किसानों का हजारों करोड़ रूपये का भुगतान होने में देरी पर दुःख व्यक्त किया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com