अब अयोध्या में बनेगा भगवान श्रीराम का मंदिर, कारसेवा के लिए जरूर आइएगा : योगी

झारखंड में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा को किया संबोधित

जुगसलाई/बागबेड़ा (झारखंड): भाजपा के स्टार प्रचारक एवं यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जुगसलाई, बागबेड़ा और इंचागढ़ विधानसभा में जनसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि अब अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनेगा, आप सब कारसेवा के लिए जरूर आइएगा। योगी ने कहा कि राम मंदिर के मामले को कांग्रेस और आरजेडी के लोगों द्वारा लटकाया जा रहा था। कांग्रेस के नेता कपिल सिब्बल सुप्रीम कोर्ट में कहते थे कि राम जन्मभूमि का फैसला नहीं आना चाहिए। इन लोगों ने सदैव मामले को लटकाने और भटकाने का काम किया। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी झूठे वादे नहीं करते हैं। किसी समस्या को लटकाते नहीं हैं। हर समस्या का समाधान चाहते हैं और समाधान को उसके निष्कर्ष तक लेकर जाते हैं।

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पहले कार्यकाल में रिकॉर्ड संख्या में गरीबों को शौचालय, आवास, विद्युत और गैस के नि:शुल्क कनेक्शन दिए। वहीं दूसरे कार्यकाल में वर्षों की समस्याएं चुटकी में सुलझ गईं। 5 सौ वर्षों से इस देश का हिंदू जनमानस प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि की मांग करता रहा, लेकिन वह नहीं मिल पाई। जो कार्य 5 सौ वर्षों में नहीं हो पाया, उसे मात्र 45 मिनट में सुप्रीम कोर्ट ने करके दिखाया है। निर्णय के बाद पूरे देश में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा। इससे भारतीय न्यायपालिका एवं लोकतंत्र की ताकत का एहसास पूरी दुनिया को हुआ है।

धारा 370 के हटने पर कांग्रेस, आरजेडी, झारखंड मुक्ति मोर्चा और पाकिस्तान नाराज थे

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कश्मीर में आतंकवाद की जननी धारा 370 को हटाने का कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। जब यह तय किया गया कि कश्मीर से धारा 370 हटनी है, तो पूरा देश खुश था। लेकिन कांग्रेस, आरजेडी, झारखंड मुक्ति मोर्चा और पाकिस्तान नाराज थे। दरअसल ये सभी पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं। कांग्रेस, आरजेडी और झारखंड मुक्ति मोर्चा पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिन लोगों ने केवल परिवारवाद की राजनीति की है, वे लोग कभी भी विकास की योजनाओं को आगे नहीं बढ़ा सकते हैं। जिनके लिए परिवार ही दल है, उन लोगों से कोई उम्मीद मत करिए। उनको जब भी मौका मिलेगा झारखंड जैसे समृद्धि राज्य के संसाधन पर डकैती डालेंगे और यहां के नागरिकों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करेंगे।

वीर कुंवर और भगवान बिरसा मुंडा की भूमि पर देश को गर्व

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सपूतों की धरती है। जंग-ए-आजादी में यहां के लोगों ने जो जोश और जज्बा दिखाया वह काबिले तारीफ है। 80 साल की उम्र में अपने समय के सबसे शक्तिशाली अंग्रेजों की फौज के छक्के छुड़ाने वाले वीर कुवर सिंह का नाम कौन नहीं जानता। इसी तरह भगवान बिरसा मुंडा अंग्रेजों के उत्पीड़न के खिलाफ पूरे समाज की आवाज बने। वीर कुंवर और भगवान बिरसा मुंडा की भूमि पर देश गर्व है। इस भूमि पर आकर मैं खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। आप सब से अपील है कि उन्हें ही मतदान करिए जो देश को गौरवशाली बनाना चाहते हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com