जानलेवा ठंड : दिल्ली में पारा धड़ाम, जमने लगे जलस्रोत

पहाड़ों की बर्फबारी ने बढ़ाई मैदानी क्षेत्रों की मुश्किल

नई दिल्ली : गुजरते साल के दिसम्बर में आखिरी दिन जानलेवा साबित हो रहे हैं। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी से राजधानी दिल्ली समेत समूचा उत्तर पूर्व और मध्य भारत भीषण ठंड की चपेट में है। शनिवार सुबह राजधानी दिल्ली में पारा लुढ़ककर जमाव बिंदु से कुछ दूर ठहर गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक दिल्ली के लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड से होने वाली मौतों का आंकड़ा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने हरियाणा में रेड और दिल्‍ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजस्‍थान में पारा गिरकर -4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इस दौरान घने कोहरे की वजह से जमीन से लेकर आसमान के आवागमन पर प्रभाव पड़ा है। श्रीनगर में डल झील जम गई है।

ठंड से उत्तर प्रदेश में 28, झारखंड में आठ और बिहार में 11 लोगों के मरने की सूचना है। कोहरे के कारण हुए हादसों में भी जानमाल का नुकसान हुआ है। रेल, सड़क और वायु यातायात बुरी तरह प्रभावित है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को मौसम का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट में लो विजिबिलिटी के कारण चार फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया। मौसम विभाग के अनुसार सुबह 8ः30 बजे दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव में 2.4, पालम में 3.1, लोधी रोड में 1.7, आया नगर में 1.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह 6ः10 बजे तक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

118 वर्ष में यह दूसरा दिसम्बर है, जब दिल्ली सर्दी का सितम झेलने को मजबूर हुई है। दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। कोहरे की वजह से 150 से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रही हैं। इस वजह से 10 ट्रेनों का वक्त बदला गया है। ठंड से जूझ रही दिल्ली में प्रदूषण का स्तर भी खराब श्रेणी में पहुंच गया है। सीपीसीबी के एयर बुलेटिन के अनुसार दिल्ली का एक्यूआई 373, फरीदाबाद का 392, गाजियाबाद का 384, ग्रेटर नोएडा का 382, गुरुग्राम का 292 और नोएडा का 396 रहा। हरियाणा में ठंड के कारण रेड अलर्ट और दिल्‍ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, बिहार और झारखंड में भी जनजीवन प्रभावित है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में मौसम की सबसे सर्द रात रही। राजस्‍थान के सीकर में तो पौधों पर ओस की बूंदें तक जम गईं। सीकर में शनिवार को न्‍यूनतम तापमान माइनस चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारी का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की सर्दी के चलते साल 1901 के बाद से दूसरा सबसे ठंडा दिसम्बर दर्ज होने की संभावना है।

उत्तर पश्चिम भारत में उत्तर-पछुआ सर्द हवाओं के चलने से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्‍से शीत लहर की गिरफ्त में हैं। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर, बागपत, बिजनौर और हापुड़ में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 3 और मथुरा का 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिम बंगाल में कोलकाता समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। बारिश के कारण झारखंड में तापमान तेजी से गिरा है। रांची से 65 किलोमीटर दूर पिपरवार में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम का पूर्वानुमान जारी करने वाली एजेंसी स्‍काइमेट वेदर के मुताबिक उत्तरी अफगानिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। यह 30 दिसम्बर से पश्चिमी हिमालय क्षेत्रों को प्रभावित करेगा। इस वजह से दिल्ली में इस बार का नया साल ठंड, बौछारों और ओलावृष्टि के साथ दस्‍तक दे सकता है। इसकी वजह से उत्तर पश्चिम एवं मध्य भारत के बड़े हिस्से में 31 दिसम्बर से 1 जनवरी के बीच बारिश के साथ साथ छिटपुट स्थानों पर ओले पड़ने की आशंका है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com