निर्भया के दोषियों को फांसी, माता-पिता को मिला सुकून!

सबने किया फैसले का स्वागत, कहा- मिला इंसाफ

नई दिल्ली : निर्भया के दोषियों के खिलाफ पटियाला हाउस कोर्ट ने ‘डेथ वारंट’ जारी कर दिया है। उन्हें 22 जनवरी को फांसी की सजा दी जाएगी। इस फैसले का निर्भया के माता-पिता ने स्वागत किया है। वहीं गृहराज्यमंत्री जी किशन रेड्डी व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि इससे अपराधियों में डर पैदा होगा। गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि इंसाफ का इंतजार आज खत्म हो गया। यह केवल दोषियों को फांसी दिए जाने तक सीमित नहीं है बल्कि यह दर्शाता है कि इस तरह के अपराधों के प्रति ‘जीरो टोलरेंस’ होना चाहिए। उन्हें लगता है कि फैसला थोड़ा जल्दी आना चाहिए था। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस निर्णय से दिल्ली के लोगों की लंबे समय से चली आ रही इच्छा पूरी होगी। उन्हें लगता है कि महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाले को इससे सबक मिलेगा और उन्हें एहसास होगा कि वह बच नहीं सकते और कानून अपना काम करेगा।

निर्भया की मां आशा देवी ने कहा कि यह तमाम महिलाओं को सशक्त बनाने का फैसला है। इस फैसले से लोगों का अदालत पर भरोसा बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि पिछले सात साल की इंसाफ की लड़ाई का आज नतीजा आया है उन्हें संतोष है कि उनकी बेटी निर्भया को इंसाफ मिल गया है। उन्होंने बताया कि इस बार दिसंबर में ही चारों को फांसी दी जानी थी लेकिन कोई न कोई अड़चन सामने आ रही थी। परन्तु सात सालों में ही सही लेकिन फैसला हुआ, जिसकी हमें खुशी है। आशा देवी ने बताया कि उन्हें आज भी सात पहले की वह घटना जब भी याद आती है तो रौंगटे खड़े हो जाते हैं। पिछले सात से हम इंसाफ के लिए दर दर भटक रहे थे, लेकिन आज के फैसले को सुन कर हमें सुकून मिला है। बता दें कि चारों दोषियों को 22 जनवरी सुबह सात बजे फांसी होगी। निर्भया के पिता बद्रीनाथ सिंह ने कहा कि वह न्यायालय के निर्णय से खुश हैं। सभी दोषियों को 22 जनवरी को फांसी दी जाएगी। इससे इस तरह के अपराध करने वालों के मन में भय पैदा होगा।

वहीं दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने कहा कि 7 साल का ये लंबा सफर आंखों के सामने आ गया और अब आंखें खुशी से नम हैं। वह उस माँ को सलाम करती हैं जिसने इतनी लंबी लड़ाई लड़ी है। इस देश की सभी निर्भयाओं की जीत है, इस देश की जीत है। अब वक्त है देश के हर बलात्कारी को फांसी की सज़ा दी जाए और एक कड़ा संदेश दिया जाए। कांग्रेस की महिला ईकाई की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने कहा कि निर्भया को आज इंसाफ मिल गया लेकिन उन्हें लगता है कि न्याय में देरी, न्याय नहीं मिलने जैसा है। काफी सारे कानूनों में बदलाव और वर्मा कमेटी की रिपोर्ट के बावजूद फैसला आने में 7 साल लग गए। इस फैसले से निर्भया के परिवार वालों को और देश को शांति मिलेगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com