Actress शिल्पा शेट्टी के पति से आठ करोड़ लूटने वाले बदमाश को मेरठ पुलिस ने मार गिराया

नई दिल्ली : अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंदरा से आठ करोड़ लूटने वाले कुख्यात बदमाश को मेरठ पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। बदमाश शक्ति नायडू पर दिल्ली और मेरठ पुलिस ने एक- एक लाख रुपये का इनाम रखा हुआ था। दिल्ली के कुख्यात बदमाश और दो लाख के इनामी शक्ति नायडू को मेरठ पुलिस ने मंगलवार को कंकरखेड़ा की वैष्णो धाम कॉलोनी में मुठभेड़ में मार गिराया। इस दौरान सीओ दौराला को पेट में गोली लगी। एक गोली एसएसपी की बुलेटप्रूफ जैकेट में फंस गई। पुलिस के अनुसार लावड़ के चिंदौड़ी गांव निवासी विशाल चौधरी से सोमवार आधी रात सरधना में बदमाशों ने फॉर्च्यूनर गाड़ी लूट ली थी। मंगलवार शाम करीब चार बजे मुखबिर ने सीओ दौराला जितेंद्र सरगम को सूचना दी कि लूटी हुई फॉर्च्यूनर वैष्णो धाम कॉलोनी के एक मकान के बाहर खड़ी है।

सूचना पर सीओ दौराला और कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर की टीम ने इस मकान की घेराबंदी कर ली। पुलिस को देखते बदमाशों ने गोलीबारी कर दी। तब तक एसएसपी अजय साहनी भी पहुंच गए थे। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में एक बदमाश को तीन गोलियां लगीं, जबकि उसका साथी मौके से भाग निकला। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। अपर पुलिस महानिदेशक जोन प्रशांत कुमार के अनुसार बदमाश की शिनाख्त शक्ति नायडू निवासी मदनगीर दिल्ली के रूप में हुई। उस पर मेरठ जोन और दिल्ली से 1-1 लाख का इनाम था। 31 जनवरी को नायडू ने अपने गैंग के साथी हनी निवासी दिल्ली की गोली मारकर हत्या की थी। हनी के चाचा तिलकराज को पांच गोलियां मारी थीं। वहीं दिल्ली की कोर्ट में सिपाही की हत्या करने के अलावा अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंदरा से आठ करोड़ लूटे थे। दिल्ली पुलिस ने नायडू पर मकोका लगाया था। पेरोल से भागकर नायडू स्पेशल सेल दिल्ली के एसीपी ललित मोहन नेगी की हत्या की प्लानिंग बना रहा था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com