भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां
मीरजापुर। मां विंध्यवासिनी के दरबार में गुरुवार की दोपहर को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने शीश नवाकर विधि-विधान से पूजन अर्चन किया। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाई। पुरानी वीआईपी मार्ग से पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने पूजन सामग्री के साथ मां विंध्यवासिनी के गर्भ गृह में कटघरे के बाहर से विधि विधान से दर्शन पूजन किया। इसके बाद मंदिर में विराजमान समस्त देवी देवताओं को प्रणाम कर हवन कुंड की परिक्रमा कर मंगल कामना की। दर्शन पूजन का कार्य तीर्थ पुरोहित चित्रसेन एवं सत्यम मिश्रा ने कराया। इस दौरान ऊर्जा राज्यमंत्री रामशंकर सिंह पटेल, नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, मझवा विधायक सुचिस्मिता मौर्या, प्रांतीय परिषद सदस्य लालबहादुर सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल समेत भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दर्शन पूजन के पश्चात पत्रकारों से वार्ता के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सम्पूर्ण विश्व एवं देशवासियों की इच्छा थी कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो, पांच जजों ने मंदिर के पक्ष में निर्णय दिया और मन्दिर बनने का मार्ग प्रसस्त हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच अगस्त को ईंट रखकर श्रीराम मंदिर की नींव रखेगें। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भारतीय जनता पार्टी की परिकल्पना 370 ,35ए तीन तलाक, नागरिकता संसोधन बिल ये सभी मार्ग प्रसस्त हुए और मुस्लिम माताओं और बहनों को सम्मान प्राप्त हुआ। प्रदेश अध्यक्ष ने मन्दिर निर्माण पर कहा कि लोग अपने घरों में दीवाली मना रहे हैं। यह खुशियों का पल है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पर कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बहुत अच्छी है। न गुंडागर्दी है, न वसूली है और न ही जबरदस्ती है। ऐसी कानून व्यवस्था कहीं नहीं है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal