दीनदयाल का दर्शन अंतिम व्यक्ति के उत्कर्ष के लिए करता रहेगा प्रेरित : योगी

जयंती पर एकात्म मानववाद के प्रणेता को किया नमन

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश के अन्य नेताओं ने राष्ट्रवादी विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें नमन किया है। उन्होंने शुक्रवार को राजधानी में उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन भी अर्पित किए। इस दौरान प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री व नेता उपस्थित रहे। कोरोना संक्रमण के कारण कार्यक्रम बेहद संक्षिप्त रहा। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कहा कि एकात्म मानववाद तथा अंत्योदय दर्शन के प्रणेता, जनसंघ के संस्थापक सदस्य, सामाजिक व राजनीतिक जीवन में सत्यनिष्ठा के प्रतिमान, कुशल संगठनकर्ता पं.दीनदयाल उपाध्याय को उनकी जयंती पर कोटिशः नमन। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय का दर्शन, भारतीय राजनीति को अंतिम व्यक्ति के उत्कर्ष हेतु सदैव प्रेरित करता रहेगा।

उप्र विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि महान राष्ट्रवादी विचारक एवं चिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर हृदय से नमन और विनम्र श्रद्धांजलि। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि एकात्म मानववाद के प्रणेता, प्रखर विचारक, उत्कृष्ट संगठनकर्ता, सत्यनिष्ठ एवं नैतिक प्रेरणा के स्रोत परम श्रद्धेय पण्डित दीनदयाल उपाध्याय की जयन्‍ती पर उन्‍हें शत् शत् नमन। उपमुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा ने कहा कि ‘आर्थिक प्रगति का माप समाज के ऊपर की सीढ़ी पर पहुंचे व्यक्ति से नहीं बल्कि सबसे नीचे के स्तर पर विद्यमान व्यक्ति से होगा’ अंत्योदय व एकात्म मानववाद के प्रणेता, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक और अद्वितीय संगठनकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि एकात्म मानववाद, एकात्म मानव दर्शन एवं अंत्योदय के प्रणेता प्रखर राष्ट्रवादी, महान विचारक और हमारे पथ प्रदर्शक प. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर शत-शत नमन। भारतीय जनता पार्टी पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयन्ती को आज बूथ स्तर पर मना रही है। पार्टी ने दीनदयाल उपाध्याय की जयन्ती से गांधी जयन्ती 2 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को विभिन्न प्रकार के संवाद के कार्यक्रम के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का फैसला किया है। दीनदयाल उपाध्याय की जयन्ती पर सभी बूथों पर उनके चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस मौके पर पार्टी की विचारधारा एवं प. दीनदयाल उपाध्याय के जीवन व उनके व्यक्तित्व-कृतित्व पर पार्टी कार्यकर्ता चर्चा कर रहे हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com