चलो दुनिया को स्वर्ग बनायें हम, प्रेम से और प्यार से’का संदेश देगी सी.एम.एस. की झाँकी

लखनऊ, 5 जनवरी। आगामी 26 जनवरी को गणतन्त्र दिवस परेड में ‘चलो दुनिया को स्वर्ग बनायें हम, प्रेम से और प्यार से’ विषय पर प्रदर्शित होने वाली सिटी मोन्टेसरी स्कूल की झाँकी एकता व शान्ति का संदेश जनमानस को देगी एवं सारे विश्व को विश्व बन्धुत्व की भावना में पिरोकर इस दुनिया को स्वर्ग बनाने का आह्वान करेगी। इसके साथ ही, सी.एम.एस. की यह झाँकी ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की महान संस्कृति एवं ‘भारतीय संविधान के अनुच्छेद 51’ की भावनाओं को जन-जन तक पहुँचाने की सार्थक अपील भी करेगी। उक्त जानकारी सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने दी है।

श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. की झाँकी चार भागों में हैं और सभी भाग एक अनूठे ढंग से मानवता के कल्याण का का संदेश दे रहे हैं। इस झाँकी के प्रथम भाग में ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश प्रसारित किया जा रहा है जबकि द्वितीय भाग में विभिन्न पूजा स्थलों के माध्यम से यह प्रदर्शित किया गया है कि सभी धर्मों का स्रोत एक ही परमपिता परमात्मा है। इसी छत के नीचे झाँकी गीत ‘‘चलो दुनियाँ को स्वर्ग बनाये हम, प्रेम और प्यार से’’ पर सी.एम.एस. छात्राएं नृत्य प्रस्तुत करेंगी। झाँकी के तृतीय भाग में विश्व संसद के प्रारूप के साथ भारतीय संविधान के अनुच्छेद 51 की भावना के अनुरूप विश्व एकता की अपील प्रस्तुत की गई है, साथ ही संत कबीर, महात्मा गांधी, विनोबा भावे, मदर टेरेसा एवं धर्म गुरू दलाईलामा की तस्वीरोें के साथ सम्पूर्ण विश्व मानवता से प्रेम करने का संदेश प्रसारित होगा। झाँकी के अंतिम भाग में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की भव्य प्रतिमा के साथ ही उनका संदेश ‘बुरा मत सुनो, बुरा मत देखो, बुरा मत बोलो’ प्रसारित किया जा रहा है।

श्री शर्मा ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी, 2021 को निकाली जाने वाली यह झाँकी सम्पूर्ण विश्वसमाज को समर्पित है और दुनिया को स्वर्ग बनाने के लिए प्रेम और प्यार से रहने के लिए प्रेरित कर रही है। झाँकी का निर्माण बड़े जोर-शोर से जारी है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com