मुंबई सीएसटी स्टेशन के पास फुट ओवरब्रिज गिरा, 5 की मौत 36 घायल

मुंबई : मुंबई सीएसटी स्टेशन के पास हिमालया पादचारी पुल का एक हिस्सा गुरुवार शाम साढ़े सात बजे अचानक गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 लोग घायल हुए हैं। हादसे में मरने वालों की पहचान अपूर्वा प्रभू(35), रंजना तांबे(40), जाहीद शिराज खान(32), सारिका कुलकर्णी(35) और तपेंद्र सिंह(35) के रूप में हुई। घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें 15 लोगों को पहचान मोहन, नंदा कदम, सुनील तिरोडकर, आयुषी राणा, राकेश मिश्रा, मोहम्मद अटारी, राम कुकरेजा, संजय, कल्लू भाई सोलंकी, अभिजीत, सुरेश बनर्जी, अनिकेत जाधव, रवि शेट्टी, राहीद, राजकुमार के रूप में हो सकी है। फिलहाल अन्य घायलों के बारे में जानकारी नहीं मिली है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों में पांच की हालत नाजुक बनी हुई है।

हादसे की जानकारी मिलते हुई मौके पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार मुंबई सीएसटी स्टेशन से टाइम्स ऑफ इंडिया एवं अंजुमन स्कूल को जोड़ने वाले इस हिमालया पादचारी पुल का हिस्सा शाम साढ़े 7 बजे अचानक गिर गया। हादसे में घायल हुए लोगों को नजदीकी सेंट जार्ज अस्पताल और जीटी अस्पताल पहुंचाया गया। सेंट जार्ज अस्पताल के अधिष्ठाता डॉ मधुकर गायकवाड़ ने बताया कि अस्पताल में 23 लोगों का इलाज किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि यह पुल ब्रिटिशकाल में बनाया गया था। पुल की देखरेख की जिम्मेदारी मुंबई महानगर पालिका के पास थी। इसी पुल से होते हुए पाकिस्तानी अजमल कसाब सेंट जार्ज अस्पताल व पुलिस क्लब के पास पहुंचा था और कई पुलिस अधिकारियों की हत्या की थी। इस पुल पर सुबह-शाम के समय भारी भीड़ रहती है। फिलहाल हादसे के बाद पुल का मलबा हटाने का काम चल रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com