बिहार – Shaurya Times | शौर्य टाइम्स https://www.shauryatimes.com Latest Hindi News Portal Mon, 27 Jul 2026 16:03:28 +0000 en-US hourly 1 https://wordpress.org/?v=7.0.2 नितिन नवीन और सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राजग का शक्ति प्रदर्शन, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में हुआ रोड शो https://www.shauryatimes.com/news/242829 Mon, 27 Jul 2026 16:03:28 +0000 https://www.shauryatimes.com/?p=242829 पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के अंतिम दौर के प्रचार में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने रोड शो का आयोजन किया। इस रोड शो का नेतृत्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन ने किया।

 

उनके साथ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मंत्री विजय कुमार सिन्हा, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रवि शंकर प्रसाद, मंत्री श्रवण कुमार, संतोष कुमार सुमन, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी तथा एनडीए के अनेक वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि एक रथ पर सवार होकर जनता का अभिवादन करते रहे।

 

भाजपा-राजग के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा भी पूरे रोड शो के दौरान नेताओं के साथ मौजूद रहे।

 

भट्टाचार्य मोड़ से प्रारंभ हुआ यह रोड शो भाजपा के झंडों, बैनरों और स्वागत द्वारों से सजा हुआ था। सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों ने फूलों की वर्षा कर नेताओं का स्वागत किया। जगह-जगह महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और व्यापारियों ने पुष्पमालाएं, गुलदस्ते और जयघोष के साथ नेताओं का अभिनंदन किया।

 

रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नितीन नवीन लगातार हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करते रहे। उन्होंने दोनों हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन स्वीकार किया।

 

घरों की बालकनियों, छतों और झरोखों से लोगों ने पुष्पवर्षा कर नेताओं का स्वागत किया। अनेक स्थानों पर महिलाओं ने अपने घरों की छतों से आरती उतारकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नितीन नवीन और राजग नेताओं का अभिनंदन किया।

 

पूरा वातावरण भारत माता की जय, वंदे मातरम्, जय श्रीराम तथा भाजपा के समर्थन में गूंजते नारों से उत्साहपूर्ण बना रहा।

 

रोड शो का निर्धारित मार्ग भट्टाचार्य मोड़ से प्रारंभ होकर उमा सिनेमा, बुद्ध मूर्ति चौराहा, कदमकुआं वेडिंग जोन, नाला रोड चौराहा, ठाकुरबाड़ी रोड, रूपक सिनेमा, उद्योग भवन होते हुए मोना सिनेमा के समीप पहुंचा, जहां यह एक जनसभा में परिवर्तित हो गया।

 

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड से बड़ी संख्या में भाजपा एवं राजग कार्यकर्ता अपने-अपने झंडों और बैनरों के साथ रोड शो में शामिल हुए। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाएं भी बड़ी संख्या में सड़क किनारे खड़ी होकर नेताओं का स्वागत करती रहीं। कई स्थानों पर पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के बीच नेताओं का अभिनंदन किया गया।

 

पूरे रोड शो के दौरान सुरक्षा एवं यातायात की समुचित व्यवस्था की गई थी।

 

भाजपा नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता का यह अपार जनसमर्थन मतदान के दिन रिकॉर्ड मतों में परिवर्तित होगा और भाजपा-एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेंगे।

 

पार्टी ने इसे केवल एक चुनावी रोड शो नहीं, बल्कि बांकीपुर की जनता द्वारा विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपने विश्वास का विराट जनप्रदर्शन बताया।

]]>
बिहार में जब नए ज़िले बनेंगे, तब उनमें ‘बाढ़’ को भी शामिल किया जाएगा: ललन सिंह https://www.shauryatimes.com/news/242670 Sun, 26 Jul 2026 11:07:42 +0000 https://www.shauryatimes.com/?p=242670 पटना : केंद्रीय मंत्री एवं जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने रविवार को बाढ़ में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में कहा कि बिहार में जब भी नए जिलों के गठन का निर्णय लिया जाएगा, उसमें बाढ़ को जिला बनाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के एजेंडे पर लगातार काम कर रही है और भविष्य में भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार आगे भी आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देती रहेगी। इसी क्रम में उन्होंने बाढ़ को जिला बनाने की लंबे समय से चली आ रही मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि जब भी राज्य में नए जिलों के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी, तब बाढ़ के संबंध में भी निर्णय लिया जाएगा।

 

अपने संबोधन के दौरान ललन सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री की विकासवादी सोच को आगे बढ़ाने का कार्य निशांत कुमार करेंगे, इसलिए उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

 

जन संवाद कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण क्षण तब आया, जब मोकामा के विधायक अनंत सिंह अपने पुत्र अभिषेक सिंह के साथ मंच पर पहुंचे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने अभिषेक सिंह को माला पहनाकर उनका स्वागत और आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में अभिषेक सिंह ने कहा, “राजनीतिक विरासत से नहीं मिलती है, जनता के प्यार से मिलती है।” उनके इस बयान को भी क्षेत्रीय राजनीति के संदर्भ में अहम संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

 

कार्यक्रम में बाढ़-मोकामा क्षेत्र के कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें क्षेत्र के प्रमुख राजनीतिक चेहरों में शामिल राजा परीक्षित (संजीव जी) भी उपस्थित थे। इसके अलावा स्वर्गीय ‘बिहार केसरी’ विवेका पहलवान के परिवार के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए। ललन सिंह ने इन्हें भी मंच से माला पहनाकर आशीर्वाद दिया है, जिससे यह तय माना जा रहा है कि इन्हें स्त्नाक निर्वाचन कोटा से एमएलसी का टिकट दिया जा सकता है। हालांकि, स्वर्गीय विवेका पहलवान के परिवार या अन्य किसी व्यक्ति को विधान परिषद (एमएलसी) का टिकट दिए जाने संबंधी कोई आधिकारिक घोषणा जदयू की ओर से नहीं की गई है। —————–

]]>
प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में की सीतामढ़ी की प्लास्टिक कचरा प्रबंधन पहल की सराहना https://www.shauryatimes.com/news/242645 Sun, 26 Jul 2026 08:30:02 +0000 https://www.shauryatimes.com/?p=242645 पटना : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में बिहार के सीतामढ़ी जिले की प्लास्टिक कचरा प्रबंधन पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के पुनः उपयोग और स्वच्छता अभियान का प्रेरक उदाहरण बताया। प्रधानमंत्री की ओर से इस पहल का उल्लेख किए जाने के बाद जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। अधिकारियों का मानना है कि इससे जिले के इस नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और अन्य जिलों को भी इस मॉडल को अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।

 

दरअसल, सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी प्रखंड स्थित वेस्ट मैनेजमेंट इकाई में सिंगल यूज प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पुनर्चक्रण कर उपयोगी फर्नीचर तैयार किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत लगभग 40 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक कचरे से एक मजबूत और टिकाऊ सिटिंग बेंच बनाई जाती है। इस पहल से एक ओर प्लास्टिक कचरे का सुरक्षित निस्तारण हो रहा है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक उपयोग के लिए टिकाऊ फर्नीचर भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

इस योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिला प्रशासन ने बक्सर की राय इंडस्ट्रीज के साथ व्यावसायिक समझौता किया है। इसके तहत वेस्ट मैनेजमेंट इकाई में संग्रहित चार हजार किलोग्राम प्लास्टिक कचरे का पुनर्चक्रण कर प्रथम चरण में 85 आकर्षक और मजबूत सिटिंग बेंचों का निर्माण किया गया है। इन बेंचों को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों, सरकारी विद्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर उपयोग के लिए भेजा गया है, जहां इनका इस्तेमाल आम लोगों की सुविधा के लिए किया जा रहा है।

 

सीतामढ़ी के जिलाधिकारी (डीएम) रिची पाण्डेय ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक कचरे से फर्नीचर तैयार करने की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में भी सहायक सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण से तैयार उत्पाद पूरी तरह उपयोगी, टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल हैं। इससे प्लास्टिक प्रदूषण कम करने के साथ-साथ ‘वेस्ट टू वेल्थ’ यानी कचरे को संसाधन में बदलने की अवधारणा को भी बढ़ावा मिल रहा है।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि इस तकनीक के माध्यम से तैयार प्रत्येक सिटिंग बेंच पर लगभग दो हजार रुपये की सीधी लागत बचत हो रही है। इससे स्थानीय निकायों को कम खर्च में बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस मॉडल को भविष्य में जिले के अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ राज्य के अन्य हिस्सों में भी विस्तार देने की योजना है।

 

उन्होंने बताया कि लोहिया स्वच्छ अभियान के तहत बाजपट्टी के अलावा रुन्नीसैदपुर, डुमरा और रीगा में भी प्लास्टिक कचरा प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित की गई हैं। केवल बाजपट्टी स्थित प्रोसेसिंग इकाई के लिए अब तक लगभग 11 हजार किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र किया जा चुका है, जिसका चरणबद्ध तरीके से पुनर्चक्रण किया जा रहा है। इससे जिले में प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को नई गति मिली है।

 

जिला प्रशासन का कहना है कि प्रधानमंत्री की ओर से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस पहल का उल्लेख किए जाने से न केवल सीतामढ़ी की इस अभिनव परियोजना को राष्ट्रीय पहचान मिली है, बल्कि देशभर में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन, पुनर्चक्रण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में भी यह पहल एक प्रेरणादायी मॉडल के रूप में उभरी है। इससे स्वच्छ भारत अभियान और सतत विकास के लक्ष्यों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।———–

]]>
भरत भूषण तिवारी मुठभेड़ मामले में चार पुलिस अधिकारियों ने न्यायिक जांच आयोग के समक्ष दर्ज कराया बयान https://www.shauryatimes.com/news/241629 Thu, 16 Jul 2026 14:36:30 +0000 https://www.shauryatimes.com/?p=241629 पटना : बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौंटी गांव में 17 जून को हुए भरत भूषण तिवारी मुठभेड़ प्रकरण की न्यायिक जांच गुरुवार को आगे बढ़ी। जगदीशपुर के तत्कालीन पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) राजेश कुमार शर्मा, शाहपुर थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश मालाकार, विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के दारोगा विकास कुमार तथा इंस्पेक्टर सह अनुसंधान पदाधिकारी (आईओ) संजीव कुमार न्यायिक जांच आयोग के समक्ष उपस्थित हुए और अपने-अपने बयान दर्ज कराए। चारों अधिकारियों ने आयोग के समक्ष घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपना पक्ष रखा तथा आयोग की ओर से पूछे गए सवालों के जवाब दिए।

 

न्यायिक जांच आयोग मामले की परिस्थितियों, घटनाक्रम और उपलब्ध साक्ष्यों की विस्तार से पड़ताल कर रहा है। हालांकि शाहपुर थाना के दारोगा हरिचन्द्र कुमार किसी कारणवश आयोग के समक्ष उपस्थित नहीं हो सके। आयोग के सचिव सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गवाही की प्रक्रिया शुक्रवार को भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को लगभग दस गवाहों के बयान दर्ज किए जाने की संभावना है।

 

आयोग ने इस प्रकरण में एसडीओ, डीएसपी समेत कुल 15 पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों तथा पुलिसकर्मियों को समन जारी किया है। आयोग क्रमवार सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से पूछताछ कर रहा है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके। जांच के दौरान जुटाए जा रहे दस्तावेज, साक्ष्य और गवाहों के बयान आयोग की अंतिम रिपोर्ट तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

 

इससे पहले 15 जुलाई तक पीड़ित पक्ष की ओर से भरत भूषण तिवारी की मां आशा देवी, पिता काशी नाथ तिवारी, भाई चंदन तिवारी तथा भाभी सुमन देवी सहित कुल नौ लोगों के बयान आयोग के समक्ष दर्ज किए जा चुके हैं। इन सभी गवाहों ने घटना से संबंधित अपने-अपने पक्ष और अनुभव आयोग के सामने रखे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि शेष गवाहों के बयान दूसरे चरण में दर्ज किए जाएंगे। सभी पक्षों की गवाही और उपलब्ध साक्ष्यों के अध्ययन के बाद आयोग अपनी रिपोर्ट तैयार कर राज्य सरकार को सौंपेगा।

 

इधर, भोजपुर पुलिस ने भरत तिवारी मुठभेड़ मामले से जुड़े फेसबुक अकाउंट के महत्वपूर्ण वीडियो हटाए जाने संबंधी वायरल खबरों का खंडन किया है। पुलिस अधीक्षक भोजपुर (आरा) कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि विभिन्न मीडिया माध्यमों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह दावा किया जा रहा है कि मामले से जुड़े फेसबुक अकाउंट से अहम वीडियो डिलीट कर दिए गए हैं और इसमें पुलिस की भूमिका है, जबकि यह दावा पूरी तरह भ्रामक और निराधार है।

 

पुलिस के अनुसार, मामले की निष्पक्ष जांच तथा डिजिटल साक्ष्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित फेसबुक अकाउंट (आईडी) को सुरक्षित (प्रिजर्व) रखने के लिए विधिवत संबंधित नोडल प्राधिकारी को अनुरोध भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि जांच प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी ढंग से आगे बढ़ाई जा रही है और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।

]]>
बांकीपुर उपचुनाव : जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर और भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने दाखिल किया नामांकन https://www.shauryatimes.com/news/241413 Mon, 13 Jul 2026 12:44:53 +0000 https://www.shauryatimes.com/?p=241413 पटना : बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जन सुराज के सूत्रधार एवं पार्टी उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उनके समर्थन में जुटे। हाथों में जन सुराज के झंडे लिए समर्थकों ने रोड शो निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया।

 

नामांकन से पहले आयोजित रोड शो में समर्थकों ने प्रशांत किशोर के समर्थन में नारेबाजी की। इसी दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज सिन्हा का भी रोड शो उसी मार्ग से गुजर रहा था, जिससे कुछ समय के लिए दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। हालांकि, स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

 

नामांकन दाखिल करने से पहले मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा, “आज सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि बिहार में बदलती हुई राजनीतिक तस्वीर का नामांकन है।” उन्होंने कहा कि राज्य की जनता पारंपरिक राजनीति से बदलाव चाहती है और जन सुराज उसी परिवर्तन का विकल्प बनकर सामने आया है।

 

नामांकन से पहले प्रशांत किशोर ने सारण जिले के सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने विधि-विधान से भगवान हरिहरनाथ का दर्शन कर राज्य में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उनकी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास भी उनके साथ मौजूद रहीं।

 

वहीं, भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने भी नामांकन से पूर्व पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने नवीन सिन्हा स्मृति पार्क पहुंचकर पूर्व मंत्री नितिन नवीन के पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की और समर्थकों के साथ नामांकन के लिए रवाना हुए।

 

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को बिहार के सबसे प्रतिष्ठित और बहुचर्चित चुनावी मुकाबलों में माना जा रहा है। इस सीट पर प्रमुख राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। नामांकन के अंतिम दिन विभिन्न दलों के शक्ति प्रदर्शन और रोड शो से चुनावी माहौल और गर्म हो गया। अब सभी की नजरें चुनाव प्रचार और मतदान पर टिकी हैं।————–

]]>
आज ही के दिन शुरू की गई थी दबे-कुचले, शोषित और अल्पसंख्यकों के लिए लड़ाई : लालू यादव https://www.shauryatimes.com/news/240604 Sun, 05 Jul 2026 09:41:01 +0000 https://www.shauryatimes.com/?p=240604 पटना : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू यादव ने पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं के नाम संदेश जारी करते हुए कहा कि राजद केवल चुनाव लड़ने वाला राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाला जनआंदोलन है। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से सामाजिक सरोकारों के साथ निरंतर जुड़े रहने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।

 

सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में लालू यादव ने कहा कि 05 जुलाई का दिन उनके लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन अनेक वरिष्ठ साथियों के साथ मिलकर गरीबों, शोषितों, दबे-कुचले वर्गों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि बिहार में सामाजिक और आर्थिक असमानता को समाप्त करने के उद्देश्य से राजद के हजारों कार्यकर्ताओं ने त्याग और बलिदान की मिसाल कायम की है। पार्टी का आज जो स्वरूप है, वह समर्पित कार्यकर्ताओं के खून-पसीने और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने सभी समर्पित नेताओं और कार्यकर्ताओं को नमन करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

 

लालू यादव ने कहा कि राजद की राजनीति हमेशा सामाजिक और आर्थिक गैरबराबरी के खिलाफ रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का विकास मॉडल केवल हवाई अड्डों, बड़े मॉल और आलीशान होटलों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा में शामिल करना उसका मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक माना जाएगा, जब गरीब और वंचित वर्गों की उसमें समान भागीदारी सुनिश्चित हो।

 

लालू यादव ने कहा कि राजद ने सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था में व्याप्त असमानताओं के खिलाफ लगातार संघर्ष करते हुए लोकतंत्र को अधिक समावेशी बनाने का प्रयास किया है। समाजवादी विचारधारा के पुरोधाओं डॉ. राम मनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण, कर्पूरी ठाकुर और डॉ. भीमराव अंबेडकर के मूल्यों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता पहले से अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य वंचित समाज के आर्थिक और मनोवैज्ञानिक सशक्तीकरण की लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाना है।

 

राजद अध्यक्ष ने देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक और जनवादी विचारधारा वाले दलों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं पर नियंत्रण, पूंजी के प्रभाव, जनप्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त और दक्षिणपंथी राजनीति के कारण लोकतांत्रिक व्यवस्था पर दबाव बढ़ा है। उनके अनुसार पिछड़ों की भागीदारी, शिक्षा, रोजगार और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को अन्य राजनीतिक विमर्शों के पीछे धकेला जा रहा है।

 

राजद प्रमुख ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि वे यह समझें कि राजद केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं है। पार्टी को अपने समर्थक वर्गों, सामाजिक संगठनों और प्रगतिशील समूहों के साथ लगातार संवाद बनाए रखना होगा। उन्होंने कहा कि राजद संसद से लेकर सड़क तक जनता के मुद्दों पर संघर्ष करने में सक्षम है और आगे भी सामाजिक न्याय तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगा।

 

उल्लेखनीय है कि राजद ने 01 जुलाई को पटना में अपना स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया था। पार्टी अपने 29 वर्ष पूरे कर 30वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। ———–

]]>
बांकीपुर उपचुनाव में जनसुराज से उम्मीदवार होंगे प्रशांत किशोर https://www.shauryatimes.com/news/240601 Sun, 05 Jul 2026 09:35:21 +0000 https://www.shauryatimes.com/?p=240601 पटना : जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार होंगे। उनकी उम्मीदवारी की घोषणा रविवार को जनसुराज के अध्यक्ष मनोज भारती ने की।

 

उम्मीदवारी की घोषणा के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछले चार वर्षों से जनसुराज ही उनका जीवन है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर से चुनाव लड़ने की जो जिम्मेदारी पार्टी ने उन्हें सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे।

 

उन्होंने पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसुराज की यात्रा आने वाले दिनों में चाहे जितनी भी आगे बढ़े, स्थापना काल से जुड़े साथियों और पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी पर भरोसा जताने वाले मतदाताओं का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने बांकीपुर के कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके आग्रह पर ही उन्होंने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।

 

प्रशांत किशोर ने दावा किया कि बांकीपुर उपचुनाव पिछले छह महीने में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यों और नीतियों पर जनमत संग्रह साबित होगा। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा चुनाव जीतती है तो इसे सरकार की नीतियों के प्रति जनता के समर्थन के रूप में देखा जाएगा, जबकि हार की स्थिति में यह सरकार के प्रति जनविश्वास में कमी का संकेत होगा।

 

उन्होंने कहा कि जनसुराज अपनी नीतियों और मुद्दों के आधार पर चुनाव लड़ रही है तथा पार्टी में शामिल होने के इच्छुक सभी लोगों का स्वागत है।

 

गौरतलब है कि 182-बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को होगी। उपचुनाव की अधिसूचना छह जुलाई को जारी की जाएगी। उसी दिन से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। उम्मीदवार 13 जुलाई तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई को होगी, जबकि 16 जुलाई तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव प्रचार तेज होगा।

 

यह सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई थी। फिलहाल किसी अन्य राजनीतिक दल ने अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

]]>
दरभंगा में मोहर्रम के बाद भारी बवाल : बरिऔल चौक पर उपद्रवियों का तांडव, घरों-दुकानों और मंदिर में तोड़फोड़, 6 गिरफ्तार! https://www.shauryatimes.com/news/239878 Sun, 28 Jun 2026 05:57:09 +0000 https://www.shauryatimes.com/?p=239878 दरभंगा। बिहार में दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र के बरिऔल चौक पर रविवार रात मोहर्रम के अवसर पर ताजिया विसर्जन एवं पहलाम के बाद उपद्रव और मारपीट की घटना से इलाके में तनाव फैल गया। उपद्रवियों ने कई घरों, दुकानों और मंदिर परिसर में हमला कर तोड़फोड़ की।

 

घटना में कम से कम छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोप है इस दौरान हिंदुओं के घरों को निशाना बनाया गया। तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देररात कुछ लोगों ने बरिऔल चौक और आसपास के क्षेत्रों में उत्पात मचाया। उपद्रवियों ने कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ की। मंदिर की चाहरदीवारी क्षतिग्रस्त कर दी। दुकानों के शीशे तोड़ दिए तथा इलाके में लगे सीसीटीवी को भी नुकसान पहुंचाया। कई मकानों की एस्बेस्टस की चादरें भी क्षतिग्रस्त कर दी। इस दौरान रास्ते में जो लोग मिले उनके साथ मारपीट की गई।

 

सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और हालात पर काबू पाया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जाले रेफर किया गया। पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापे मारे हैं।

 

पुलिस के अनुसार, घटना की पृष्ठभूमि में करीब चार वर्ष पूर्व हुए एक अंतरधार्मिक प्रेम विवाह से जुड़ा विवाद सामने आया है। बताया गया कि संबंधित युवक मोहर्रम के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा, जहां कुछ लोगों के साथ उसकी कहासुनी और हाथापाई हुई। इसके बाद कुछ लोग उसे खोजते हुए उसके गांव पहुंचे, जिसके बाद उपद्रव और तोड़फोड़ की घटना हुई।

 

शुभेंद्र कुमार सुमन (एसडीपीओ कमतौल) ने बताया कि फिलहाल बरिऔल और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

]]>
बाहर क्या हो रहा, यह आपके नियंत्रण में नहीं, आप अपने भीतर कैसे हैं, यह केवल आपके हाथों में है: सद्गुरु जग्गी वासुदेव https://www.shauryatimes.com/news/239864 Sat, 27 Jun 2026 16:46:49 +0000 https://www.shauryatimes.com/?p=239864 पटना : आध्यात्मिक गुरु और ईशा फाउंडेशन के संस्थापक सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने शनिवार को राजधानी पटना के बापू सभागार में देर शाम अपने पहले सार्वजनिक कार्यक्रम में लोगों से संवाद किया।

 

अपने सम्बोधन में सद्गुरु ने जोर देते हुए कहा कि बाहर क्या हो रहा है, यह हमेशा आपके नियंत्रण में नहीं होता, लेकिन आप अपने भीतर कैसे हैं, यह केवल आपके हाथों में है।

 

उन्होंने कहा कि इंसान अक्सर अपनी यादों (बीते कल) और कल्पनाओं (भविष्य) से दुखी होता है, जिनका असल में कोई अस्तित्व ही नहीं है। यदि आप स्वयं को कष्ट देने से इंकार कर दें, तो कोई दूसरा आपको कभी दुखी नहीं कर सकता।

 

सद्गुरु ने कहा कि मनुष्य जो कुछ भी सोचता है, वह सब कुछ हासिल नहीं कर सकता, लेकिन उसके लिए प्रयास अवश्य कर सकता है। उन्होंने कहा कि जीवन की सबसे बड़ी समस्या यह है कि लोग चाहते हैं कि हर चीज सौ प्रतिशत उनके अनुसार हो, जबकि यह संभव नहीं है। ”अगर आपके अनुसार 51 प्रतिशत भी चीजें हो रही हैं और लोग उस दिशा में काम कर रहे हैं, तो खुद को भाग्यशाली समझिए।

 

सद्गुरु ने कहा कि मनुष्य और चिंपैंजी के डीएनए में मात्र 1.3 प्रतिशत का अंतर है, लेकिन बुद्धिमत्ता के स्तर पर मनुष्य ने असाधारण विकास किया है। उन्होंने कहा कि इंसान अपनी कल्पनाओं को वास्तविकता में बदलने की क्षमता रखता है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।

 

उन्होंने कहा कि ”मानव होने का अर्थ है अपने भीतर मानवता का निरंतर विकास करते रहना। यदि व्यक्ति स्वयं को विकसित नहीं करता, तो उसके और अन्य जीवों के बीच का अंतर कम हो जाता है। अधिकांश लोग या तो अतीत की यादों में जीते हैं या भविष्य की कल्पनाओं में खोए रहते हैं, जबकि सबसे महत्वपूर्ण वर्तमान में जीना है।

 

सद्गुरु ने कहा कि व्यक्ति को अपने विचारों, भावनाओं और अपने आसपास की परिस्थितियों को नियंत्रित करने की क्षमता विकसित करनी चाहिए। जो व्यक्ति स्वयं पर नियंत्रण स्थापित कर लेता है, वही वास्तविक अर्थों में अधिक संतुष्ट और खुशहाल जीवन जी सकता है। बिहार से जुड़े एक सवाल पर हंसते हुए सद्गुरु ने कहा कि जब नालंदा के ज्ञान की बात करते हैं तो जरूरी है कि बख्तियारपुर का नाम बदल दें।

]]>
‘मामला दबाने के लिए छोटे पुलिसकर्मियों पर FIR क्यों?’, भरत तिवारी एनकाउंटर पर पप्पू यादव ने पूछा- असली गुनहगारों को कब पकड़ेगी सरकार? https://www.shauryatimes.com/news/239769 Fri, 26 Jun 2026 15:27:50 +0000 https://www.shauryatimes.com/?p=239769 पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बिहार के भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला अब केवल एक एनकाउंटर तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह पूरे बिहार में कानून-व्यवस्था, पुलिस की कार्यशैली और सरकार की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

 

पप्पू यादव ने कहा कि इस घटना पर पूरे देश में चर्चा हो रही है। पूर्व पुलिस अधिकारियों ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा, “पूरे देश में चर्चा है कि क्या बिहार सरकार संविधान और कानून से ऊपर है।”

 

वीडियो कॉल का जिक्र और आरोप

पप्पू यादव ने बताया कि पटना से गया था वीडियो कॉल, और इस घटना में शामिल पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाया कि सरकार और पुलिस मुख्यालय इस पूरे प्रकरण को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “सरकार को पता है कि स्थानीय एसपी, डीएसपी या थानेदार नहीं, बल्कि पुलिस मुख्यालय से ही निर्देशित होकर यह गोली मारी गई है।”

 

उन्होंने आगे कहा, “भोजपुर एसपी को वीडियो कॉल पर किसने कहा कि हाथी पागल हो तो मार सकते हैं, तो आदमी पागल है तो क्यों नहीं? यह पूरी कार्रवाई सरकार की ओर से निर्देशित थी।”

 

सरकार पर आरोप और न्याय की मांग

पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले को दबाने के लिए कुछ पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज कर या उन्हें जेल भेजकर पूरे प्रकरण को खत्म करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस घटना के कारण सामाजिक वर्गों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

 

उन्होंने मांग की कि इस एनकाउंटर की जांच हाईकोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश से कराई जाए। साथ ही, उन्होंने कहा कि बिहार में जातीय उन्माद फैलाने का आरोप लगाते हुए, नालंदा में हुई मॉब लिंचिंग की भी स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

]]>