यमुनानगर : यमुनानगर में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष की गुंडागर्दी का वीडियो सामने आया है। जिसमें वह हथियार लैस कुछ लोगों के साथ गांव रतनगढ़ में खेत की जुताई करा रहे एक व्यापारी को धमकाने पहुंचा। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार त्यागी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर शुक्रवार को कांग्रेस नेता राजकुमार त्यागी निवासी विकास नगर सरोजनी कॉलोनी यमुनानगर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता जमीत कुमार निवासी गाजियाबाद ने बताया कि वह मैसर्ज डिजिटल मैकेनिक्स टेक्निकल सोल्यूशन प्राईवेट नोएडा का डायरेक्टर है। उसके पास रादौर के रतनगढ़ गांव में 49 कनाल 15 मरले की कृषि भूमि है। कुछ दिन पहले,
दोपहर करीब 2 बजे वह अपनी जमीन पर आगामी फसल के लिए जुताई कर रहा था।
इसी दौरान राजकुमार त्यागी अपने 15-20 गुंडे प्रवृत्ति के साथियों के साथ अवैध हथियारों बंदूक, पिस्टल और रिवॉल्वर से लैस होकर मौके पर पहुंचा। आरोपियों ने उसे गोली मारने की धमकी दी और जुताई का काम जबरन रुकवा दिया। राजकुमार ने बंदूक तानकर कहा, यहां से भाग जा, नहीं तो गोली मार दी जाएगी। जमीत कुमार ने कहा कि खतरे को भांपते हुए तुरंत डायल 112 पर कॉल किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन, हैरानी की बात यह है कि पुलिस के सामने भी राजकुमार और उसके साथी हथियार लहराते हुए धमकियां देते रहे।
जमीत ने अपनी जान को खतरा देखकर थाना सदर यमुनानगर में शिकायत दर्ज करने का फैसला किया। लेकिन, राजकुमार और उसके साथी वहां भी पीछा करते हुए पहुंच गए और थाने में भी धमकी दी कि वे जमीत को खेत जोतने नहीं देंगे। जमीत ने बताया कि वह गाजियाबाद में रहता है। राजकुमार त्यागी और उसके साथी उसकी जमीन पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं। उसके पास जमीन के सभी कानूनी दस्तावेज मौजूद हैं। सदर थाना यमुनानगर के जांच अधिकारी बलदेव सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।