अगले 4-5 दिनों तक शीत लहर और घना कोहरा छाए रहने के आसार

नई दिल्ली : उत्तर भारत सहित देश के अन्य हिस्सों में अगले 4-5 दिनों तक शीत लहर चलने और घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। इससे जनजीवन प्रभावित होने का अनुमान हैै।

 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को बताया कि आने वाले 4-5 दिनों तक उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में ‘बहुत घने’ कोहरे का प्रकोप बना रहेगा। इसके साथ ही, पहाड़ों पर हो रही हलचल और मैदानी इलाकों में चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण कई राज्यों में ‘शीत लहर’ की चेतावनी दी है।

 

पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में 18-21 दिसंबर के दौरान घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रहेगी। अन्य राज्य: हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी 20 दिसंबर तक घने कोहरे की स्थिति बने रहने का अनुमान है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत में 22 दिसंबर तक इसका असर बने रहने के आसार हैं।

 

मैदानी इलाकों में पारा लुढ़कने के कारण पिछले 24 घंटों में राजस्थान का नागौर न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे ये राज्य देश का सबसे ठंडा मैदानी इलाका रहा। 18-19 दिसंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में तीव्र शीत लहर चलने के आसार हैं।

 

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में 18-19 दिसंबर को घने कोहरे के कारण अधिक ठंड की स्थिति बनी रहने की चेतावनी दी है।

 

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। हालांकि, 20 दिसंबर के बाद उत्तर-पश्चिम भारत के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की मामूली वृद्धि होने के आसार हैं।

 

उत्तर भारत के ऊपर 12.6 किमी की ऊंचाई पर 100 समुद्री मील की रफ्तार से ‘पश्चिमी जेट स्ट्रीम’ चल रही है। इसके साथ ही 19 दिसंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में दस्तक देने का अनुमान है। इसके प्रभाव से 18-23 दिसंबर के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और गिलगित-बाल्टिस्तान में हल्की बारिश और बर्फबारी होने के अनुमान है। हिमाचल और उत्तराखंड में 20-21 दिसंबर को बर्फबारी और बारिश के आसार हैं। पंजाब के कुछ हिस्सों में 20-21 दिसंबर को हल्की बूंदाबांदी होने की चेतावनी है।

 

मौसम अधिकारियों ने बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र में खराब मौसम के कारण 20 दिसंबर तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। अंडमान और निकोबार में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

 

उल्लेखनीय है कि अगले 48 घंटे तक मध्य प्रदेश और उत्तराखंड शीत लहर की चपेट में रहने के आसार हैं। इसके अलावा, दिल्ली-एनसीआर में भी 19 दिसंबर तक ठंड और कोहरे का प्रभाव बने रहने की चेतावनी दी है। घने कोहरे में वाहन चालकों के लिए हेडलाइट्स का प्रयोग करने और सावधानी से चलने की सलाह दी है।

 

वहीं, तमिलनाडु के कुड्डालोर और रामनाथपुरम में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश दर्ज की गई है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com