
लखनऊ, 3 जुलाई। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) व सीएमएस कैम्ब्रिज सेक्शन के छात्रों ने ऑन लाइन आयोजित सिंगापुर इंटरनेशनल मैथ्स चैलेन्ज ओलंपियाड में सर्वाधिक 25 पदक जीतकर देश का गौरव सारे विश्व में बढ़ाया है। इस अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सी.एम.एस. छात्रों ने 5 स्वर्ण पदक, 7 रजत पदक और 13 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। सी.एम.एस. संस्थापक डा. जगदीश गाँधी ने विद्यालय के मेधावी छात्रों की सफलता पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि गोल्ड मेडल जीतने वाले छात्रों में गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) के प्राइमरी सेक्शन के छात्र दक्ष अग्रवाल व सक्षम सिंह जबकि जूनियर वर्ग में अक्षत यादव शामिल हैं। इसी प्रकार, सीनियर वर्ग में सीएमएस कैम्ब्रिज सेक्शन के दक्ष कुमार सिंह व सौम्या उपाध्याय ने गोल्ड मैडल अर्जित किया है। इसी प्रकार, रजत पदक जीतने वाले छात्रों में गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) के छात्र शिवांश प्रताप सिंह, अजितेश श्रीवास्तव, अमरेन्द्र सिंह, स्पर्श चतुर्वेदी, अदीश्वर पाठक, उत्कर्ष सिंह एवं सी.एम.एस. कैम्ब्रिज सेक्शन के छात्र ओजस्वी भट्ट शामिल हैं जबकि कांस्य पदक जीतने वाले छात्रों में गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) से विराट सिंह, रमन देव, ओम पटेल, अविज्ञ त्रिपाठी, वीर प्रताप सिंह, अवनीश सिंह, मुकुल बेरी, मृदुल बेरी, शशांक मिश्रा एवं कैम्ब्रिज सेक्शन से ओजल अग्रवाल, बहिर आलम, अक्षज निगम एवं अनन्त्य श्रीवास्तव शामिल हैं।
श्री शर्मा ने बताया कि वैज्ञानिक युग के महत्व को स्वीकारते हुए सी.एम.एस. अपने छात्रों का दृष्टिकोण वैज्ञानिक एवं विश्वव्यापी बनाने के उद्देश्य से जोरदार प्रयास कर रहा है जिसकी बदौलत सी.एम.एस. छात्र विभिन्न राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में नये नये कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। सी.एम.एस. में छात्रों की विश्व-स्तरीय प्रतिभा निखारने के लिए पूरे वर्ष विभिन्न विषयों की अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताएें आयोजित की जाती हैं जिनमें देश-विदेश के छात्र एक मंच पर अपने ज्ञान-विज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं। ऐसे आयोजनों से छात्रों को एक अन्तर्राष्ट्रीय मंच तो उपलब्ध होता ही है साथ ही उनमें आत्मविश्वास का संचार भी होता है। यही कारण है कि उत्कृष्ट ज्ञान व बुद्धिमत्ता से लबालब सी.एम.एस. छात्र शैक्षिक क्षेत्र में विद्यालय का परचम पूरे विश्व में लहरा रहे हैं।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal